March 7, 2026 11:56 am

MP : चित्रकूट के बीहड़ों में फिर गूंजे डकैतों के कदम

MP/UP : ललित पटेल का भाई कुकुरखवा बना गैंग लीडर, दो महिलाएं भी गिरोह में शामिल

चित्रकूट। बीहड़ों की शांति एक बार फिर डकैतों की आहट से भंग हो गई है। कुख्यात डकैत ललित पटेल का भाई कुकुरखवा उर्फ राजेश पटेल एक बार फिर चर्चा में है। कुकुरखवा ने जेल से छूटते ही 10 सदस्यीय नया गिरोह तैयार कर लिया है, जिसमें दो महिलाएं भी सक्रिय भूमिका में हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक इस गिरोह ने हाल ही में मध्यप्रदेश के चित्रकूट क्षेत्र से एक ग्रामीण का अपहरण किया था, जिसे बाद में दबाव के चलते छोड़ दिया गया।

पहले भी दर्ज हैं हत्या और अपहरण के मामले

कुकुरखवा चित्रकूट थाना क्षेत्र के नया गांव पौसलहा का निवासी है। वह खुद और उसका भाई नंदी उर्फ नंद किशोर पटेल, दोनों पहले डकैत ललित पटेल के गिरोह का हिस्सा रह चुके हैं। पुलिस के रिकॉर्ड के मुताबिक दोनों कई हत्या और अपहरण की वारदातों में शामिल रहे हैं


दिलचस्प बात यह है कि कुकुरखवा पांच लाख के इनामी डकैत अंबिका उर्फ ठोकिया की मौसी का बेटा है। यानी आपराधिक विरासत इस गिरोह के डीएनए में शामिल है।

तेंदूपत्ता सीजन में की वसूली, अब यूपी सीमा में सक्रिय

पिछले महीने यह गिरोह तेंदूपत्ता की तुड़ाई के दौरान एमपी के बरौंधा, पन्ना जिले के ब्रजापुर, पहाड़ीखेरा और धर्मपुर के जंगलों में सक्रिय रहा। गिरोह ने ठेकेदारों और फड़ मुंशियों से लाखों रुपये वसूले


अब पुलिस को इनपुट मिले हैं कि गिरोह उत्तर प्रदेश के कोल्हूवा और महुदर के जंगलों में छिपा है।

पुलिस ने तीन जिलों में चलाई सर्च ऑपरेशन, 100 जवान तैनात

गिरोह की गतिविधियों को देखते हुए यूपी और एमपी पुलिस अलर्ट मोड पर है। चित्रकूट के अपर एसपी सत्यपाल सिंह के नेतृत्व में जंगलों में दो बार कॉम्बिंग की गई है। एमपी पुलिस ने भी बरौंध और धारकुंडी के जंगलों में सघन तलाशी अभियान चलाया है।
फिलहाल तीन जिलों की पुलिस और करीब 100 जवान बीहड़ों में डकैतों की तलाश में जुटे हुए हैं।

जेल से छूटते ही फिर एक्टिव हुए पुराने चेहरे

पुलिस को शक है कि कुकुरखवा और नंदी ने पुराने साथियों को जोड़कर नया गिरोह खड़ा किया है। गिरोह को पुराने डकैतों के परिजनों और रिश्तेदारों का सहयोग भी मिल रहा है
जानकारी के मुताबिक गिरोह फिरौती और अवैध वसूली को लेकर रणनीति बना रहा है, ताकि बीहड़ों में अपना पुराना खौफ दोबारा कायम कर सके।

एसपी बोले- गिरोह की मूवमेंट पर नजर, जल्द करेंगे गिरफ्तारी

एसपी अरुण कुमार सिंह ने कहा कि, “एमपी से गिरोह के यूपी क्षेत्र में मूवमेंट की जानकारी मिली है। इस पर सघन कॉम्बिंग और सर्च अभियान चलाए जा रहे हैं। जल्द ही गिरोह को ट्रेस कर गिरफ्तारी की जाएगी।”

चित्रकूट के बीहड़ों में फिर से उभरता यह गिरोह प्रशासन और स्थानीय लोगों के लिए नया खतरा बनता जा रहा है। पुलिस हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखे हुए है और ऑपरेशन लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

R No. 13379/ 46

Advertisement Carousel

Your Opinion

Will Donald Trump's re-election as US President be beneficial for India?