Toll Tax News :
भोपाल।
“अच्छे दिन की बधाई हो!” अब दोपहिया वाहन चालकों को भी जेब ढीली करनी होगी। केंद्र सरकार ने 15 जुलाई 2024 से दोपहिया वाहनों पर भी टोल टैक्स लागू करने का निर्णय लिया है। इस नई नीति के तहत बाइक और स्कूटर जैसे वाहनों को भी राष्ट्रीय राजमार्गों (National Highways) पर चलने के लिए टोल चुकाना पड़ेगा।
पहली बार दोपहिया वाहन टोल के दायरे में
अब तक केवल चौपहिया और भारी वाहन ही टोल टैक्स के दायरे में आते थे, लेकिन NHAI की नई टोल नीति के तहत पहली बार दोपहिया वाहनों को भी इसमें शामिल किया गया है। हालांकि, सरकार की ओर से टोल राशि को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी अब तक नहीं दी गई है।
संभावना है कि यह शुल्क कार के मुकाबले कम रहेगा, लेकिन बाइक सवारों को हर टोल प्लाजा पर रुककर भुगतान करना होगा।
कम जगह घेरने का तर्क अब खारिज
अब तक यह माना जाता रहा कि दोपहिया वाहन कम स्थान घेरते हैं और ट्रैफिक में रुकावट नहीं पैदा करते, इसलिए उन्हें टोल टैक्स से मुक्त रखा जाता था। लेकिन सरकार ने अब इस तर्क को दरकिनार कर दिया है और बिना कोई औपचारिक स्पष्टीकरण दिए यह नया नियम लागू करने का फैसला लिया है।
लाखों बाइक चालकों पर पड़ेगा सीधा असर
देशभर में करोड़ों दोपहिया वाहन चालक रोज़ाना नेशनल हाईवे से सफर करते हैं। ऐसे में इस नियम से बड़े स्तर पर आम लोगों की जेब पर असर पड़ना तय है। खासकर वे लोग जो रोजाना ऑफिस या काम के सिलसिले में हाइवे पार करते हैं।
अभी तक नहीं हुआ विरोध, पर सवाल खड़े
फिलहाल इस नियम का कोई बड़ा विरोध सामने नहीं आया है, लेकिन सोशल मीडिया पर कई लोगों ने सरकार से सवाल पूछना शुरू कर दिए हैं। आम जनता पूछ रही है कि जब सड़कें खुद गड्ढों से भरी हैं, तब दोपहिया वाहन चालकों पर अतिरिक्त बोझ क्यों डाला जा रहा है?
क्या कहता है पेट्रोल न्यूज़ ?:
15 जुलाई से अगर आप बाइक या स्कूटर से नेशनल हाईवे पर निकलते हैं, तो अब आपको भी टोल टैक्स देना पड़ेगा। सरकार का यह फैसला आम दोपहिया वाहन चालकों के लिए एक नई आर्थिक चुनौती बन सकता है।








