MP News :
भोपाल। मध्य प्रदेश में फिर मौसम का मिजाज बिगड़ गया है। प्रदेश के कई हिस्सों में कहीं झमाझम बारिश हो रही है तो कहीं रुक-रुककर बूंदाबांदी का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने गुरुवार और शुक्रवार को ग्वालियर, चंबल, सागर, रीवा और शहडोल संभाग के जिलों में भारी बारिश (Heavy Rain) की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा अन्य हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना बनी हुई है।
इन 23 जिलों में अलर्ट जारी
मौसम विभाग के मुताबिक ग्वालियर, अशोकनगर, दतिया, गुना, शिवपुरी, भिंड, श्योपुर, मुरैना, सागर, निवाड़ी, छतरपुर, दमोह, टीकमगढ़, पन्ना, रीवा, मैहर, मऊगंज, सिंगरौली, सीधी, सतना, शहडोल, अनूपपुर और उमरिया जिलों में आज और कल भारी बारिश हो सकती है। स्थानीय प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
वेदर सिस्टम बना कारण
मौसम विज्ञानी एसडी सत्रे के अनुसार, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के आसपास एक गहरा कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय है, जिसके चलते मानसून द्रोणिका (Monsoon Trough) ग्वालियर से होते हुए बिहार और बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। इस वेदर सिस्टम के कारण पूरे मध्य प्रदेश में नमी भरपूर बनी हुई है, जिससे लगातार बारिश की स्थिति बनी है।
बारिश के आंकड़े: कहां कितनी बारिश हुई
बुधवार सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक के आंकड़ों पर नजर डालें तो:
- जबलपुर में 30 मिमी
- ग्वालियर में 29 मिमी
- पचमढ़ी में 24 मिमी
- मंडला में 21 मिमी
- दतिया में 14 मिमी
- सीधी में 9 मिमी
- रीवा एवं मलाजखंड में 6-6 मिमी
- रतलाम में 8 मिमी
- दमोह में 2 मिमी
- खजुराहो और उज्जैन में 1-1 मिमी बारिश दर्ज की गई।
क्या रहेगा आगे का मौसम
मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला के अनुसार, अगले 48 घंटों तक पूर्वी और उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश के हिस्सों में बारिश की तीव्रता बनी रहेगी। वहीं, प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियों में हल्की कमी देखी जा सकती है। हालांकि वातावरण में नमी अधिक होने के कारण तापमान बढ़ते ही दोपहर बाद गरज-चमक के साथ बौछारें (Showers) गिर सकती हैं।








