
Sukhbir Singh Badal Attacked: महाराष्ट्र के नांदेड़ में शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर हमला हुआ है। इस हमले में बादल को हाथ में गंभीर चोटें आईं हैं। हमला करने वाले निहंग को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना की जानकारी मिलते ही नांदेड़ के पुलिस अधीक्षक से विस्तृत जानकारी ली।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक नांदेड़ के माता साहिब कौल इलाके के एक गुरुद्वारे में वो अपने परिवार के साथ गए थे। वहां एक निहंग ने धारदार हथियार कृपाण से हमला कर दिया। हमले में सुखबीर बादल और उनका सुरक्षा कर्मी घायल हो गया। उन्हें पास के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Z+ सिक्योरिटी के बाद भी कैसे हुआ हमला?
बताया जा रहा है कि पंजाब के पूर्व डिप्टी सीएम सुखबीर बादल पर चार निहंगों ने हमला किया, जिनमें एक के हाथ में हथियार था। बादल को Z+ सुरक्षा मिली हुई है। फिर भी हमलावर अपने मकसद में कामयाब हो गए। हालांकि हमले होते ही उनके सुरक्षाकर्मियों ने बचाने की कोशिश की। बादल के हाथ और कंधे में चोटें आई हैं। उन्हें इलाज के लिए प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
2024 के हमले में भी बाल-बाल बचे थे बादल
नांदेड़ के डीएम ने बताया कि वो पर्सनल विजिट पर गुरुद्वारे आए हुए थे। उन्हें पर्याप्त सुरक्षा दी गई थी। लेकिन अचानक एक शख्स गुरुद्वारा परिसर में घुसकर उन पर हमला कर दिया। हमले में सुखबीर बादल के अलावा एक पुलिस इंस्पेक्टर को भी हल्की चोटें आई हैं। बता दें कि दिसंबर 2024 में भी अमृतसर के स्वर्ण मंदिर के बाहर उनपर जानलेवा हमले का प्रयास हुआ था। इस दौरान भी वो बाल-बाल बच गए थे।
सुखबीर बादल के हमलावर की हुई पहचान
नांदेड़ के हुजूर साहिब गुरुद्वारा में सुखबीर बादल पर हमला करने वाले की पहचान उजागर हो गई है। हमलावर का नाम निहंग जसपाल सिंह बताया जा रहा है। नांदेड़ के एसपी नीलाभ के मुताबिक जसपाल सिंह पिछले दो साल से गुरुद्वारे में काम कर रहा था। उसने अपने कृपाण से सुखबीर बादल पर हमला किया। हमले के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
हमले के पीछे की वजह आई सामने
पुलिस सूत्रों के मुताबिक हमलावार निहंग जसपाल का कहना है कि जब सुखबीर बादल की सरकार थी तो इन्होंने जनता का विश्वास नहीं जीता। इसी बात से नाराज जसपाल ने बादल पर तब हमला किया, जब लोग उनके साथ गुरुद्वारे में फोटो खिंचवा रहे थे। हमलावर जसपाल की उम्र 60-65 के करीब बताया जा रहा है।
महाराष्ट्र CM देवेंद्र फडणवीस ने दिए जांच के आदेश
नांदेड़ में सुखबीर बादल पर हमले की जानकारी मिलते ही महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस एक्शन में दिखे। उन्होंने पहले नांदेड़ के पुलिस अधीक्षक से घटना की पूरी जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने पूरे घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। सुखबीर बादल की हालत खतरे बाहर बताई जा रही है।
ये भी पढ़ें: महाराष्ट्र से बड़ी खबर, नांदेड़ में अकाली नेता सुखबीर बादल पर जानलेवा हमला, जख्मी हालत में अस्पताल में भर्ती



