September 18, 2026 5:12 am

‘आशीर्वाद का दीया’ में सवा लाख दीपों से जगमगाएगा जगदलपुर, उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा होंगे शामिल

रायपुर, 16 सितंबर 2026

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बस्तर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ गुरुवार से होने जा रहा है। अभियान के तहत बस्तर संभाग में महीने भर विभिन्न जनसेवा एवं सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के प्रमुख कार्यक्रमों में उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री श्री विजय शर्मा की विशेष सहभागिता रहेगी।

जगदलपुर में आयोजित होने वाले ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा शामिल होंगे। मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर एवं सिरहासार चौक पर एक साथ सवा लाख दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। दीपों की यह रोशनी सेवा, सुशासन और जनभागीदारी के संकल्प के साथ बस्तर में शांति एवं विकास की नई दिशा का संदेश देगी।

सवा लाख दीपों के साथ बस्तर में सेवा संकल्प का संदेश
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम को लेकर जगदलपुर में व्यापक तैयारियां की गई हैं। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, यातायात, मंच व्यवस्था, दीप प्रज्वलन तथा नागरिकों के सुगम आवागमन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। यह आयोजन जनभागीदारी के साथ सेवा और संकल्प की भावना को व्यापक रूप देगा।

अमर बलिदानियों की स्मृति में भी जलेंगे दीप
इस अवसर पर बस्तर की माटी के अमर बलिदानियों को भी श्रद्धांजलि दी जाएगी। अमर वाटिका, शहीद स्मारक, नेतानार स्थित अमर शहीद गुंडाधूर की प्रतिमा तथा झीरम शहादत स्थल सहित जिले के प्रमुख स्थलों पर दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। इन दीपों के माध्यम से वीर सपूतों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए बस्तर की शांति और विकास के संकल्प को आगे बढ़ाया जाएगा।

बड़े अलनार से पौधरोपण, अस्पतालों में रक्तदान शिविर
सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत में बस्तर विकासखंड के ग्राम बड़े अलनार में पर्यावरण संरक्षण के साथ जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए व्यापक पौधरोपण किया जाएगा। वहीं डिमरापाल मेडिकल कॉलेज एवं महारानी अस्पताल में विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनमें युवा एवं नागरिक स्वैच्छिक रक्तदान कर मानव सेवा में योगदान देंगे।

महीने भर सेवा कार्यों से जुड़ेगा बस्तर
पूरे माह बस्तर में विभिन्न क्षेत्रों में यह अभियान जनसेवा के कार्यों को गति देगा। स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान, पौधरोपण, सामाजिक सरोकार और विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से आम नागरिकों को अभियान से जोड़ा जाएगा। बस्तर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ सेवा, संवेदना और जनभागीदारी को केंद्र में रखकर आगे बढ़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

R . 1

Advertisement Carousel

Your Opinion

Will Donald Trump's re-election as US President be beneficial for India?
error: Content is protected !!