
Amit Shah: आज पूरे देश में स्वतंत्रता दिवस यानी आजादी की 80वीं वर्षगांठ का जश्न धूमधाम से मनाया जा रहा है। आज करोड़ों भारतीय लोगों के लिए एक पल आया, जब लाल किले की प्राचीर से पहली बार राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ गाया गया।
लाल किले की प्राचीर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 75 मिनट की स्पीच दी। इस दौरान पीएम मोदी ने नक्सलवाद पर भी बोला। इस बीच अब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कुर्रेगुट्टा की पहाड़ी को याद करते हुए एक्स पोस्ट में लिखा कि ‘कुर्रेगुट्टा की पहाड़ी जो कभी नक्सल आतंक का गढ़ थी, आज वहां शान से तिरंगा लहरा रहा है।’
कुर्रेगुट्टा की पहाड़ी पर शान से तिरंगा लहरा रहा-अमित शाह
आजादी की 80वीं वर्षगांठ पर गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ के उप-मुख्यमंत्री विजय शर्मा के एक वीडियो को एक्स पर रीट्वीट करते हुए लिखा ‘ कुर्रेगुट्टा की पहाड़ी जो कभी नक्सल आतंक का गढ़ थी, आज वहां शान से तिरंगा लहरा रहा है और आजादी का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। जहां कभी बंदूकें गरजती थीं, वहां राष्ट्रभक्ति गूंज रही है।’ आगे उन्होंने कहा ‘लाल माटी पर लहराता तिरंगा नक्सल मुक्त नए बस्तर की शक्ति, प्रगति व आत्मविश्वास का प्रतीक है।’
छत्तीसगढ़ के उप-मुख्यमंत्री ने क्या कहा?
छत्तीसगढ़ के उप-मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने एक्स पर एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा ‘कर्रेगुट्टा पहाड़… ये वही जगह है, जहां कुछ समय पहले तक लोग सपने में भी यहां पहुंचने की कल्पना नहीं कर सकते थे। कभी इसे नक्सलियों का सुरक्षित ठिकाना माना जाता था, लेकिन आज तस्वीर बदल चुकी है।’
आगे उन्होंने लिखा ‘आज हम बाइक से कर्रेगुट्टा की ओर बढ़ रहे हैं। ये सिर्फ एक सफर नहीं, बदलते बस्तर की तस्वीर है।’
कुर्रेगुट्टा की पहाड़ी का क्यों किया जिक्र?
कुर्रेगुट्टा की पहाड़ी छत्तीसगढ़ और तेलंगाना की सीमा पर स्थित एक बेहद रणनीतिक और दुर्गम पहाड़ी श्रृंखला है। हाल के दिनों में सुरक्षा बलों के ऐतिहासिक नक्सल विरोधी अभियानों और विकास कार्यों के कारण देश भर में चर्चा का विषय बनी हुई है।
कुर्रेगुट्टा पहाड़ी छत्तीसगढ़ के बीजापुर/सुकमा जिले और तेलंगाना के मुलुगु/भद्राद्रि कोठागुडेम जिले की अंतराराज्यीय सीमा पर फैली हुई है। दावा है कि किसी जमाने में नक्सल प्रभावित यह इलाका आज नक्सलमुक्त बन चुका है।









