
मध्य प्रदेश के दतिया जिले के सेवढ़ा थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक 55 वर्षीय व्यक्ति ने घरेलू विवाद के बाद अपनी लाइसेंसी रायफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली. घटना से गांव में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हथियार जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान रसूलपुरा गांव निवासी जसराम गुर्जर (55) पुत्र मथुरा प्रसाद गुर्जर के रूप में हुई है. परिजनों ने बताया कि जसराम शराब का आदी था और अक्सर नशे की हालत में घर में विवाद करता था। रविवार की दोपहर भी परिवार में किसी बात को लेकर कहा-सुनी हो गई। परिवार के सदस्यों और बड़े भाई द्वारा उसे समझाने की कोशिशों के बावजूद वह नहीं माना।
रायफल से खुद को गोली मार ली
बताया गया है कि विवाद के बाद जसराम अपनी लाइसेंसी 315 बोर राइफल लेकर घर से बाहर निकला। उसके परिवार ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान उसने राइफल अपने सिर पर रख ली और गोली चला दी. गोली लगने के बाद वह करीब छह फीट नीचे नाले में गिर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
एसडीओपी अजय चानना ने बताया कि दोपहर करीब 3 बजे जसराम हथियार लेकर घर से बाहर निकला। परिवार के सदस्यों ने उसे रोकने और समझाने का प्रयास किया, लेकिन इससे पहले कि वे हस्तक्षेप कर पाते, उसने खुद को गोली मार ली और तुरंत मर गया।
भिंड में काम करता था
परिजनों के मुताबिक जसराम भिंड जिले की एक निजी खदान में कार्यरत था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके से राइफल जब्त कर ली गई है और आत्महत्या के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे घरेलू विवाद और नशा को प्राथमिक कारण माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।




