पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से रोशन हुआ भविष्य, अब बिजली बिल हुआ शून्य

रायपुर 1 जुलाई 2026

कबीरधाम जिले के ग्राम पंचायत समनापुर के निवासी श्री रोशेलाला पाटिल के लिए बढ़ता बिजली बिल हर महीने चिंता का कारण बनता था। उनके घर का मासिक बिजली बिल लगभग पंद्रह सौ से 2 हजार रुपये तक आता था। लेकिन अब स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित होने के बाद पिछले छह महीनों से उनका बिजली बिल शून्य आ रहा है।
श्री रोशेलाला पाटिल बताते हैं कि पहले बिजली का सीमित उपयोग करना पड़ता था, लेकिन अब वे पंखा, कूलर, फ्रिज, टीवी और मोटर पंप सहित सभी विद्युत उपकरणों का बिना किसी चिंता के उपयोग कर रहे हैं। उनका घर अब केवल बिजली का उपभोक्ता नहीं, बल्कि बिजली उत्पादन करने वाला घर भी बन गया है। उन्होंने बताया कि 3 किलोवाट क्षमता का सोलर प्लांट लगाने में लगभग 2 लाख रुपये की लागत आई। इसमें केंद्र सरकार से 78 हजार रुपये की सब्सिडी मिली है, जबकि राज्य सरकार से 35 हजार रुपये की अतिरिक्त सहायता भी स्वीकृत हुई है। सरकार की इस सहायता से सोलर प्लांट लगवाना उनके लिए आसान हो गया।
श्री पाटिल का कहना है कि सोलर प्लांट लगने के बाद न केवल बिजली बिल पूरी तरह समाप्त हो गया है, बल्कि वे पर्यावरण संरक्षण में भी अपनी भूमिका निभा रहे हैं। भविष्य में यदि आवश्यकता से अधिक बिजली का उत्पादन होगा, तो नेट मीटरिंग के माध्यम से उसका भी लाभ मिलेगा। साथ ही, 3 किलोवाट ऑन-ग्रिड सोलर सिस्टम में बैटरी की आवश्यकता नहीं होने से रखरखाव का खर्च भी कम रहता है। वे अन्य लोगों से भी इस योजना का लाभ लेने की अपील करते हुए कहते हैं कि यह केवल बिजली बिल बचाने की योजना नहीं, बल्कि भविष्य के लिए एक स्थायी निवेश है। एक बार सोलर प्लांट लगाने के बाद वर्षों तक स्वच्छ ऊर्जा का लाभ मिलता है और परिवार की नियमित बचत भी होती है। श्री रोशेलाला पाटिल ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना ने उनके परिवार को आर्थिक राहत देने के साथ आत्मनिर्भर बनने का अवसर भी दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

R No. 13843/ 75

Advertisement Carousel

Your Opinion

Will Donald Trump's re-election as US President be beneficial for India?
error: Content is protected !!