
भारत की अंडर-18 पुरुष हॉकी टीम ने एशिया कप 2026 का खिताब जीत लिया है। भारत ने फाइनल में जापान को 4-1 से हराकर ट्रॉफी हासिल की। इटारसी में भी शनिवार शाम करीब 6 बजे जयस्तंभ चौक पर जीत का जश्न मनाया गया, क्योंकि शहर के दो खिलाड़ी अंश बहुतरा और गाजी खान टीम का हिस्सा थे।
जीत की खबर जैसे ही इटारसी पहुंची हॉकी खिलाड़ी और खेल प्रेमी जयस्तंभ चौक पर जमा हो गए। लोगों ने ढोल की थाप पर नृत्य किया, “भारत माता की जय” के नारे लगाए और इमरती मिठाई बांटकर जश्न मनाया।
अंश बहुतत्रा ने टीम में डिफेंडर की भूमिका निभाई, जबकि गाजी खान ने फॉरवर्ड खिलाड़ी के रूप में भारत के आक्रमण को मजबूत किया. उनके चयन और दमदार प्रदर्शन से शहर के खेल प्रेमियों में उत्साह की लहर है।
देखें जश्न की दो तस्वीरें-

जीत के जश्न के दौरान बच्चों को मिठाइयां बांटी गईं.

लोगों ने हॉकी खिलाड़ियों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं.
फाइनल मैच जापान में खेला गया
फाइनल जापान के काकामिघारा में कावासाकी हेवी इंडस्ट्रीज हॉकी स्टेडियम में खेला गया, जहां भारत ने शुरू से ही दबदबा बनाए रखा। दूसरे मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर पर आशीष तानी पुरी ने पहला गोल किया। 28वें मिनट में उन्होंने फिर गोल किया, जबकि 30वें मिनट में केतन कुशवाह ने फील्ड गोल कर स्कोर 3-0 कर दिया।

बच्चों समेत कई लोगों ने जीत का जश्न मनाया.
तीसरे क्वार्टर में आशीष ने एक और गोल कर अपनी हैट्रिक पूरी की और भारत की बढ़त 4-0 कर दी. जापान के गाकू नुमादा ने 52वें मिनट में अपनी टीम के लिए एकमात्र गोल किया. भारत ने यह मैच 4-1 से जीतकर तीसरी बार एशिया कप जीता और टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम बन गई।



इटारसी में आयोजित समारोह में हॉकी एसोसिएशन के कोच कन्हैया गुरियानी, रज्जू तोमर, दीपक अग्रवाल, सरबजीत सैनी, साजिद खान और राजू पंडित समेत कई खिलाड़ी और खेल प्रेमी मौजूद रहे. सभी ने इसे शहर के लिए गौरव का क्षण बताया और अंश और गाजी को उनकी उपलब्धि पर बधाई दी।






