
लोकायुक्त पुलिस ने इंदौर में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बालक क्रमांक 1, संयोगितागंज के प्राचार्य और नोडल अधिकारी राजकुमार चेलानी को 10 हजार की रिश्वत लेते हुए पकड़ा है. आरोपी पर एक निजी स्कूल की शिकायत का समाधान करने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है.
मामले की शिकायत इदरीस नगर निवासी और द इंटरनेशनल कॉन्वेंट स्कूल के संचालक रवि जायसवाल ने लोकायुक्त एसपी राजेश सहाय से की थी। शिकायत में कहा गया था कि एक अभिभावक ने उनके स्कूल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी.
इस शिकायत का समाधान करने के एवज में क्लस्टर प्रिंसिपल राजकुमार चेलानी 10 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे थे. शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त टीम ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई.

प्राचार्य एवं नोडल अधिकारी राजकुमार चेलानी (पीली शर्ट में) लोकायुक्त टीम के जाल में फंस गए।
पैसे देते ही टीम ने उसे पकड़ लिया
शुक्रवार को प्रिंसिपल ने रिश्वत की रकम लेकर प्रार्थी को स्कूल बुलाया था। इसके बाद लोकायुक्त ट्रैप टीम सक्रिय हो गई।
जैसे ही प्रिंसिपल ने आवेदक से 10 हजार रुपए लिए, टीआई प्रतिभा तोमर और प्रधान आरक्षक आशीष शुक्ला की टीम ने उसे पकड़ लिया।
आरोपी राजकुमार चेलानी के विरूद्ध भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम-2018 की धारा-7 के तहत कार्यवाही की जा रही है।
रिश्वतखोरी की शिकायत इन नंबरों पर करें
लोकायुक्त संगठन ने जनता से अपील की है कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत मांगता है तो इसकी जानकारी लोकायुक्त कार्यालय इंदौर या 0731-2533160 और 0731-2430100 पर दे सकते हैं।








