October 13, 2026 2:26 am

सेवा की कहानी : लमती फीडर जलाशय योजना से किसानों के खेतों में पहुंचेगा सिंचाई का पानी

रायपुर, 12 अक्टूबर 2026

सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों के माध्यम से आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। इसी दिशा में खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई जिले के खैरागढ़ विकासखंड के ग्राम लछनाटोला के समीप आमनेर नदी पर प्रस्तावित लमती फीडर जलाशय लघु सिंचाई योजना क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और किसानों की समृद्धि की नई संभावनाएं लेकर आ रही है। योजना के पूर्ण होने पर 41 गांवों के 1,840 हेक्टेयर कृषि क्षेत्र को खरीफ सिंचाई की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे किसानों को खेती के लिए पानी की उपलब्धता मिलेगी और कृषि उत्पादन में बढ़ोत्तरी होगी।

सिंचाई सुविधा से खेती को मिलेगा संबल

जल संसाधन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार लमती फीडर जलाशय योजना के अंतर्गत 21 किलोमीटर लंबी मुख्य फीडर नहर और आठ माइनर नहरों का निर्माण प्रस्तावित है। कुल 41.88 किलोमीटर लंबी नहर प्रणाली के माध्यम से खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचाने की योजना है। इससे क्षेत्र में खरीफ फसलों की सिंचाई को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही खरीफ फसल के बाद खेतों में उपलब्ध नमी का उपयोग कर लगभग 500 हेक्टेयर क्षेत्र में गेहूं, चना सहित अन्य रबी फसलों के उत्पादन की संभावना है।

मत्स्य पालन के अवसर व भू-जल संवर्धन को मिलेगा बढ़ावा

जलाशय का लाभ कृषि के साथ-साथ मत्स्य पालन के क्षेत्र में भी मिलने की उम्मीद है। योजना के अनुसार, जलाशय से प्रतिवर्ष लगभग 273.50 क्विंटल मत्स्य उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है, जिससे करीब 150 हितग्राहियों के लिए रोजगार के अवसर विकसित हो सकते हैं। इसी प्रकार लमती फीडर जलाशय योजना से भू-जल संवर्धन और भू-जल स्तर में वृद्धि को प्रोत्साहन मिलने की संभावना है। योजना के तहत खैरागढ़ विकासखंड में निर्मित एक मध्यम और 12 लघु जलाशयों में पानी की पूर्ति का भी प्रावधान है। इससे उपलब्ध जल संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने की दिशा में सहायता मिलेगी।

242.77 करोड़ रुपये की योजना का निर्माण कार्य जारी

जल संसाधन विभाग द्वारा लमती फीडर जलाशय लघु सिंचाई योजना के लिए 242.77 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। विभागीय जानकारी के अनुसार, मुख्य नहर के अलग-अलग हिस्सों में निर्माण कार्य लगभग 35 से 85 प्रतिशत तक तथा पिकअप वियर का कार्य लगभग 55 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। जलाशय के शीर्ष कार्य के लिए निविदा प्रक्रिया जारी है। सेवा संकल्प अभियान के तहत लमती फीडर जलाशय योजना के पूर्ण होने से कृषि आधारित ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

R . 1

Advertisement Carousel

Your Opinion

Will Donald Trump's re-election as US President be beneficial for India?
error: Content is protected !!