
सालेपाल के राजू पोयामी ने सेवा सेतु केंद्र की त्वरित और पारदर्शी व्यवस्था की सराहना की
रायपुर, 13 जुलाई 2026
शासन द्वारा नागरिक सेवाओं को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के उद्देश्य से संचालित सेवा सेतु केंद्र आम लोगों के लिए बड़ी राहत साबित हो रहे हैं। इसका एक प्रेरक उदाहरण तब देखने को मिला, जब बस्तर जिले के तोकापाल विकासखंड के ग्राम सालेपाल निवासी राजू पोयामी ने अपनी बेटी मनकी पोयामी के स्कूल प्रवेश के लिए आवश्यक आय, जाति और निवास प्रमाणपत्र बनवाने हेतु सेवा सेतु केंद्र का रुख किया।
स्कूल प्रवेश के लिए थी तीनों दस्तावेजों की तत्काल आवश्यकता
राजू पोयामी ने बताया कि उनकी बेटी मनकी के स्कूल में प्रवेश के लिए इन तीनों दस्तावेजों की तत्काल आवश्यकता थी। पहले उन्हें आशंका थी कि प्रमाणपत्र बनने में कई दिन लग सकते हैं, जिससे प्रवेश प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। लेकिन सेवा सेतु केंद्र में आवेदन करने के बाद मात्र 30 मिनट के भीतर उन्हें आय, जाति और निवास तीनों प्रमाणपत्र उपलब्ध करा दिए गए। उन्होंने कहा कि इतनी कम समय में सभी आवश्यक दस्तावेज मिल जाने से उनकी बेटी के स्कूल प्रवेश की प्रक्रिया बिना किसी परेशानी के पूरी हो सकी। राजू ने सेवा सेतु केंद्र की त्वरित, सरल और नागरिक हितैषी व्यवस्था के लिए शासन एवं प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
सेवा सेतु केंद्र प्रदान कर रहे सुगम, पारदर्शी और प्रभावी सेवाएं
सेवा सेतु केंद्रों के माध्यम से आम नागरिकों को विभिन्न शासकीय सेवाएं एक ही स्थान पर समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे लोगों को कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ती और आवश्यक दस्तावेज शीघ्र प्राप्त हो रहे हैं। सेवा सेतु केंद्र शासन की जनहितकारी पहल के रूप में नागरिकों को सुगम, पारदर्शी और प्रभावी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं।







