अंबिकापुर में सहकारिता सप्ताह का शुभारंभ – Aj Ki News

अम्बिकापुर 29 जून 2026

जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित, अंबिकापुर मुख्यालय परिसर में सोमवार को सहकारिता सप्ताह का शुभारंभ बैंक के अध्यक्ष श्री राम किशुन सिंह ने सहकारी ध्वज का ध्वजारोहण कर किया। भारत सरकार के निर्देशानुसार 29 जून से 6 जुलाई 2026 तक आयोजित होने वाले सहकारिता सप्ताह के दौरान जिलेभर में किसानों को आधुनिक तकनीक एवं सहकारिता से जोड़ने के उद्देश्य से विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम में जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री श्रीकान्त चन्द्राकर ने उपविधि का वाचन किया। इस अवसर पर उप पंजीयक एवं उप आयुक्त श्री एस.के. पैकरा, विपणन अधिकारी श्री बी.के.पी. सिंह, लेखापाल श्री आनंद सिंह, फील्ड अधिकारी श्री राजेश सिंह, सरगुजा नोडल श्री कमलनयन पाण्डेय सहित बैंक के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

सहकारिता सप्ताह के अंतर्गत जिले की प्रत्येक पैक्स (PACS) में ध्वजारोहण एवं उपविधि का वाचन किया गया। सप्ताहभर वृक्षारोपण, सहकारिता विकास विषयक गोष्ठियां, व्याख्यानमाला, सहकार संकल्प दौड़, मृदा स्वास्थ्य परीक्षण तथा सहकारिता जागरूकता अभियान जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इसके साथ ही किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने के लिए ड्रोन के माध्यम से तरल उर्वरक के छिड़काव का प्रदर्शन, माइक्रो एटीएम के उपयोग की जानकारी, नए किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) एवं रूपे कार्ड का वितरण भी किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य किसानों को तकनीक, डिजिटल बैंकिंग और सहकारिता की योजनाओं से जोड़कर उन्हें अधिक सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

R No. 13843/ 75

Advertisement Carousel

Your Opinion

Will Donald Trump's re-election as US President be beneficial for India?
error: Content is protected !!