
भारत आज 15 अगस्त को अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। इस मौके पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले पर झंडा फहराने के बाद देश को संबोधित किया। उन्होंने लगभग 77 मिनट के भाषण में देश के लिए नए कई ऐलान किए। साथ ही दुनिया भर में भारतीय समुदाय के लोग स्वतंत्रता दिवस मना रहे हैं। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर अमेरिका समेत दुनिया के कई देशों ने भारत को शुभकामनाएं दीं।
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्कों रुबियो ने क्या कहा?
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर देशवासियों को हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने कहा कि अमेरिका-भारत संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं और अब ये रिश्ते पहले से कहीं ज्यादा मजबूत हैं।
डोनाल्ड ट्रंप और PM मोदी की दोस्ती से रिश्ते नई ऊंचाई पर
रुबियो ने अपने संदेश में खासतौर पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निजी संबंधों का जिक्र किया। उन्होने कहा कि
राष्ट्रपति ट्रंप और प्रधानमंत्री मोदी के व्यक्तिगत संबंधों की वजह से अमेरिका-भारत संबंध लगातार बढ़ रहे हैं और अब पहले कहीं ज्यादा मजबूत हैं।
उन्होंने दोनों देशों के बीच गहरी दोस्ती और पारिवारिक रिश्तों को इस साझेदारी की नींव बताया। रुबियो के अनुसार यह साझेदारी इनोवेटिव, मजबूत और भविष्य की ओर देखने वाली है। अमेरिका दोनों देशों के साझा भविष्य का इंतजार कर रहा है।
किन क्षेत्रों में हो रहा है सहयोग?
मार्को रुबियो ने बताया कि अमेरिका और भारत कई अहम क्षेत्रों में मिलकर काम कर रहे हैं। इनमें प्रमुख रूप से ये हैं-
- रक्षा सहयोग
- ऊर्ज सुरक्षा
- क्रिटिकल मिनरल्स
- आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस
- स्पेस सहयोग
- व्यापार और वाणिज्य
रुबियो ने कहा कि यह सहयोग दोनों देशों के साथ-साथ पूरे हिंद महासागर क्षेत्र को सुरक्षित, मजबूत और समृद्ध बना रहा है।
बता दें कि 80वें स्वतंत्रता दिवस पर PM मोदी ने 5000 विशेष मेहमानों के सामने देश को संबोधित करते हुए कई नए ऐलान किए हैं। संबोधन में युवा शक्ति और विकसित भारत 2047 पर फोकस रहा। इस मौके पर राष्ट्रपति मुर्मू और देश-विदेश के प्रमुख नेता और गणमान्य लोग मौजूद थे। वंदे मातरम् के 150 साल पूरे होने पर लाल किले की प्राचीर से पहली बार इसे गाया गया।
इजरायल ने भी दी भारत को 80वें स्वतंत्रता दिवस की बधाई
इजरायल के भारत में एम्बेसडर रूवेन अजार ने भारत को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी।
उन्होंने कहा कि आज भारत की आजादी और एक प्राचीन सभ्यता के आधुनिक राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ने की यात्रा का जश्न मनाने का दिन है। आकार में भारत और इजरायल अलग हैं लेकिन दोनों देशों की कहानी में कई समानताएं हैं। दोनों देश अपनी प्राचीन विरासत से ताकत लेते हुए स्वतंत्रता और नवाचार को अपना रहे हैं।
ये भी पढ़ें: होती है-चलती है, हो जाएगा-देखा जाएगा…स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से ऐसा क्यों बोले पीएम मोदी? जानिए संबोधन की बड़ी बातें








