August 16, 2026 2:27 pm

BREAKING NEWS

मनेंद्रगढ़ में शान से लहराया तिरंगा, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने ली परेड की सलामी

रायपुर, 15 अगस्त 2026

 स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने ली परेड की सलामी

 स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने ली परेड की सलामी

देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मनेंद्रगढ़ के आमाखेरवा स्थित पुलिस ग्राउंड में गरिमामय एवं देशभक्ति से ओत-प्रोत जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल रहे जिन्होने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को नमन किया और परेड की सलामी ली। ध्वजारोहण के साथ ही पूरा समारोह स्थल राष्ट्रभक्ति के भाव से सराबोर हो उठा। इस अवसर पर कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े, पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अंकिता सोम सहित, जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, शहीद परिवारों के सदस्य तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

 स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने ली परेड की सलामी

ध्वजारोहण के पश्चात मुख्य अतिथि श्री जायसवाल ने प्रदेशवासियों के नाम मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के संदेश का वाचन किया। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों, अमर शहीदों और देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले महान सपूतों को नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि यह राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को याद करने, देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने तथा विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लेने का पर्व है।

शहीद परिवारों का किया सम्मान

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने जिले के शहीद परिवारों के सदस्यों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने राष्ट्र की सेवा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सपूतों के बलिदान को नमन करते हुए कहा कि शहीदों का त्याग और उनका सर्वाेच्च बलिदान देश की अमूल्य धरोहर है। शहीद परिवारों का सम्मान पूरे समाज के लिए गौरव का विषय है। शहीद परिवारों के सम्मान के दौरान समारोह स्थल का वातावरण भावुक और गौरवपूर्ण हो गया। उपस्थित लोगों ने भी वीर शहीदों के बलिदान को स्मरण करते हुए राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।

साइबर जागरूकता अभियान का शुभारंभ

स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर जिले में साइबर जागरूकता अभियान का भी शुभारंभ किया गया। यह अभियान 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक संचालित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना और डिजिटल लेन-देन के दौरान आवश्यक सावधानियां बरतने के लिए प्रेरित करना है। मुख्य अतिथि ने साइबर जागरूकता अभियान से संबंधित गतिविधियों का शुभारंभ करते हुए कहा कि डिजिटल तकनीक ने जीवन को आसान बनाया है, लेकिन इसके साथ साइबर अपराधों का खतरा भी बढ़ा है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक को सतर्क और जागरूक रहना आवश्यक है। अभियान के अंतर्गत ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, फर्जी वेबसाइट, साइबर फ्रॉड तथा डिजिटल भुगतान के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के संबंध में लोगों को जानकारी दी जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। समारोह स्थल पर बनाए गए सेल्फी जोन के माध्यम से भी लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक होने और अभियान से जुड़ने का संदेश दिया गया।

स्कूली बच्चों ने दी मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

स्वतंत्रता दिवस समारोह में जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति दी। विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य, देशभक्ति गीत, समूह नृत्य एवं राष्ट्रप्रेम से जुड़ी प्रस्तुतियों के माध्यम से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

रंग-बिरंगे परिधानों में सजे बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने समारोह स्थल पर उत्साह और उमंग का वातावरण बना दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों ने देश की विविधता, समृद्ध संस्कृति और राष्ट्र के प्रति प्रेम एवं समर्पण का संदेश दिया। उपस्थित दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

तिरंगे की आन, बान और शान बनाए रखने का लिया संकल्प

स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। इसके सम्मान और गौरव को बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सभी नागरिकों से देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को मजबूत करने तथा विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

समारोह के दौरान देशभक्ति के नारों, राष्ट्रगान और भारत माता के जयघोष से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से गूंजता रहा। स्वतंत्रता दिवस समारोह ने उपस्थित लोगों को स्वतंत्रता संग्राम के वीर सपूतों के त्याग और बलिदान को स्मरण करने के साथ ही देश के विकास में सक्रिय योगदान देने की प्रेरणा दी।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी हुए सम्मानित

समारोह के अंत में जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। विभिन्न विभागों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित कर उनके कार्यों की सराहना की गई तथा उन्हें भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता और जिम्मेदारी के साथ जनसेवा करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

गरिमामय समारोह ने जिलेवासियों में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक एकता और जनसेवा की भावना को और मजबूत किया। स्वतंत्रता दिवस का यह आयोजन शहीदों के बलिदान को नमन करने के साथ-साथ एक सशक्त, समृद्ध और विकसित भारत के निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प का अवसर बना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

R . 1

Advertisement Carousel

Your Opinion

Will Donald Trump's re-election as US President be beneficial for India?
error: Content is protected !!