
PM Modi Speech: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के ऐतिहासिक अवसर पर देश को संबोधित किया। उन्होंने दिल्ली के लाल किले की प्राचीर से तिरंगा फहराया और देशवासियों के सामने पिछले 12 वर्षों की सरकारी उपलब्धियों और देश की प्रगति का उल्लेख किया।
पीएम मोदी ने लगभग 77 मिनट के भाषण में कहा कि देशवासियों के संकल्प और प्रयासों के कारण भारत ने विकास की नई रफ्तार पकड़ी है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 सालों में 25 करोड़ देशवासी गरीबी से बाहर निकले हैं। देशवासियों के प्रयासों के परिणामस्वरूप भारत एक बड़ी और तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था में बदल गया है।
देश होती है-चलती है में खोया रहे- PM
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आजादी के बाद लंबे समय तक देश अपेक्षित रफ्तार से आगे नहीं बढ़ सका। हम होती है-चलती है, हो जाएगा-देखा जाएगा, इसी में खोए रहे। 2014 तक आते-आते तो पूरी दुनिया ने भारत को ‘फ्रेजाइल फाइव’ में डंप (शामिल) कर दिया था। ऐसे समय में पिछले 12 साल में भारत ने एक नई रफ्तार पकड़ी है। तेज गति से हम आगे बढ़ रहे हैं। देश-राज्यों का संकल्प है कि अब 140 करोड़ देशवासियों के संकल्प-सामर्थ्य को रोक पाना नामुमकिन है।
भारत ने दुनिया में लहराया परचम- PM
उन्होंने कहा कि पिछले 12 सालों में डिफेंस प्रोडक्शन करीब 4 गुना बढ़ा, खादी एवं ग्रामोद्योग का उत्पादन करीब 5 गुना हुआ, इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग करीब 7 गुना बढ़ा, आधुनिक रेलवे कोच का निर्माण 21 गुना बढ़ा, मोबाइल फोन उत्पादन 33 गुना बढ़ा, इतना ही नहीं आधुनिक युग को लेकर भी डिजिटल और इनोवेशन की दुनिया में भी हमने अपना परचम लहराया।
वे उपलब्धियों का जिक्र करते हुए आगे बोले, ‘इंटरनेट यूजर्स, इंटरनेट कंज्यूमर्स करीब-करीब 4 गुना बढ़े करीब-करीब 50 गुना बढ़े, पेटेंट ग्रांट होने की संख्या 4 गुना बढ़ी, डिजिटल ट्रांजेक्शन 100 गुना बढ़े, सामान्य मानवी की सुविधा की ओर भी हमने उतनी ही गंभीरता से काम किया। हर साल औसतन 15 गुना ज्यादा तेजी से हमने नल से जल कनेक्शन दिए, हर साल औसतन 6 गुनी ज्यादा रफ्तार से लोगों को गैस कनेक्शन दिए, हर साल 4 गुनी रफ्तार से गरीबों के लिए शौचाल्य बनाने का काम किया, हर साल 3 गुना ज्यादा तेजी से गरीबों को घर देने का काम किया, देश ने गवर्नेंस में भी बहुत बदलाव लाया। सैकड़ों की तादाद में कानूनों को खत्म किया। पिछली शताब्दी के कानूनों से 21वीं शताब्दी की मार्च नहीं हो सकती। हमने आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए मेट्रो का विस्तार किया।’
विकसित भारत का संकल्प अधूरा नहीं रह सकता- पीएम
पीएम ने जोर देकर कहा कि ये सभी रफ्तार, ये उपलब्धी आजादी के बाद पहली बार पिछले 1 दशक में देखी गई है। जब इतनी सारी सिद्धियां हमारे सामने है, इतनी तेज गति दिखाई देती हो, देशवासियों का सामर्थ्य पल-पल प्रकट होता है तब तो 2047 में विकसित भारत बनने का संकल्प कभी भी अधूरा नहीं रह सकता है। ये सारे आंकड़े इस बात की गवाही देते हैं कि हम आगे बढ़ने वाले हैं। हमारा दृढ़ विश्वास रहा है कि भारत को अब दूसरे देशों पर निर्भर रह कर नहीं जीना है, बल्कि आत्मनिर्भर बनना है। अपने हितों की सुरक्षा हमें खुद करनी है इसलिए आत्मनिर्भर भारत का संकल्प लेकर हम आगे बढ़ रहे हैं।








