आरती और विक्रम इंदौर जाएंगे, हेमंत और शशिकांत संभालेंगे रीवा-मऊगंज की कमान
भोपाल से जारी हुई तबादला सूची, पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल
रीवा। लोकायुक्त एसपी, रीवा और मऊगंज जिले के एडिशनल एसपी सहित कई पुलिस अधिकारियों के स्थानांतरण आदेश जारी हुए हैं।
गुरुवार को भोपाल से जारी तबादला सूची के अनुसार पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल किया गया है।
प्रमुख तबादले:
- लोकायुक्त एसपी: सुनील पाटीदार का रीवा से भोपाल तबादला। अब वे भोपाल में लोकायुक्त एसपी की जिम्मेदारी निभाएंगे। उनकी जगह सागर में लोकायुक्त एसपी रहे योगेश्वर शर्मा रीवा में विशेष पुलिस स्थापना लोकायुक्त कार्यालय में एसपी का पदभार ग्रहण करेंगे।
- इंदौर जाएंगे आरती-विक्रम: रीवा एडिशनल एसपी आरती सिंह महाजन को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पीटीएस इंदौर बनाया गया है। वहीं मऊगंज एडिशनल एसपी विक्रम सिंह को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उपायुक्त सुरक्षा इंदौर नगरीय पुलिस का दायित्व दिया गया है।
- हेमंत और शशिकांत नए एएसपी: रीवा में एडिशनल एसपी के पद पर हेमंत चौहान की पदस्थापना हुई है। वे अभी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेल इंदौर के रूप में सेवारत हैं। मऊगंज एडिशनल एसपी का पद शशिकांत सरयाम को दिया गया है, जो अभी रीवा में उप सेनानी प्रथम वाहिनी राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल के रूप में कार्यरत हैं।
ये भी इधर से उधर:
- मनु व्यास: आईजी कार्यालय से सहायक पुलिस महानिरीक्षक पुलिस मुख्यालय भोपाल भेजे गए।
- मनोज शर्मा: उप सेनानी 9वीं वाहिनी विसबल रीवा से सहायक पुलिस महानिरीक्षक पीटीआरआई पुलिस मुख्यालय भोपाल। उनकी जगह नवल सिंह सिसोदिया नीमच से रीवा आएंगे।
- अरविंद श्रीवास्तव: सीधी के एडिशनल एसपी से पुलिस अधीक्षक एमटी ट्रेनिंग स्कूल रीवा बने।
- अखिलेश तिवारी: पुलिस अधीक्षक एमटी ट्रेनिंग स्कूल रीवा से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात जबलपुर भेजे गए।
Post Views: 132,286









