
फिल्म भारत भाग्य विधाता में कंगना ने एक नर्स की भूमिका निभाई है।
एक्ट्रेस कंगना रनौत की आने वाली फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। हालांकि, इस फिल्म के लिए बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन करना आसान नहीं होगा।
एक तरफ जहां कंगना की पिछली कई फिल्में बुरी तरह फ्लॉप हुई हैं तो वहीं दूसरी तरफ 12 जून यानी आज ही के दिन 'भारत भाग्य विधाता' रिलीज होगी। इसी दिन तीन अन्य बॉलीवुड फिल्में भी रिलीज होंगी, जो बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाएंगी।
कंगना की पिछली कई फिल्में फ्लॉप रहीं
कंगना की पिछली पांच फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर खराब प्रदर्शन किया है। अपनी पिछली फिल्म 'इमरजेंसी' (2025) में कंगना ने इंदिरा गांधी की भूमिका निभाई थी और इसका निर्देशन भी खुद ही किया था। लगभग ₹60 करोड़ के बजट वाली इस फिल्म ने भारत में लगभग ₹23.81 करोड़ की कमाई की और फ्लॉप साबित हुई।
इससे पहले रिलीज हुई फिल्म 'तेजस' (2023) का बजट लगभग 70 करोड़ रुपये था। फिल्म ने केवल ₹8.05 करोड़ की कमाई की और फ्लॉप साबित हुई। वह तमिल फिल्म 'चंद्रमुखी 2' में नजर आई थीं। ₹65 करोड़ के बजट वाली इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर लगभग ₹54.10 करोड़ की कमाई की और फ्लॉप रही।
इस बीच, कंगना 'धाकड़' (2022) में एक्शन हीरोइन बनीं। ₹85 करोड़ के बजट वाली यह फिल्म केवल ₹4.01 करोड़ ही कमा सकी और बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप रही।
'थलाइवी' (2021) एक तमिल-हिंदी द्विभाषी बायोपिक थी, जिसमें कंगना ने जे. जयललिता की भूमिका निभाई थी। 100 करोड़ के बजट वाली इस फिल्म ने लगभग 8.50 करोड़ की कमाई की और फ्लॉप रही।
रिलीज के दिन तीन फिल्मों से क्लैश
फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' 12 जून 2026 को रिलीज हो रही है। जून 2026 में कई बड़ी फिल्में रिलीज हो रही हैं। 12 जून को 'भारत भाग्य विधाता' के साथ इम्तियाज अली की 'मैं वापस आउंगा', मनोज बाजपेयी स्टारर 'गवर्नर: द साइलेंट सेवियर' और विक्रम भट्ट की 'हॉन्टेड 3डी: इकोज ऑफ द 'पास्ट' भी रिलीज हो रही है।
साथ ही जून के बाकी दिनों में शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना की 'कॉकटेल 2' (19 जून) और अक्षय कुमार की 'वेलकम टू द जंगल' (26 जून) जैसी बड़ी फिल्में भी रिलीज होने वाली हैं। इसके अलावा 4 जून को रिलीज हुई 'पेड्डी' और 5 जून को रिलीज हुई 'है जवानी है तो इश्क होना है' भी बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है।
'भारत भाग्य विधाता' की बात करें तो यह फिल्म 26/11 मुंबई आतंकी हमले की वास्तविक घटनाओं पर आधारित है। पेन स्टूडियोज द्वारा प्रस्तुत इस फिल्म में कंगना एक नर्स की भूमिका निभा रही हैं। फिल्म में कंगना के अलावा गिरिजा ओक, स्मिता तांबे, अमृता नामदेव, ईशा डे, प्रिया बेर्डे और आशा शेलार भी अहम भूमिका में हैं।









