
मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) ने राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2025 के शेड्यूल में बड़ा बदलाव किया है। आयोग ने एक दिन पहले जारी कार्यक्रम को संशोधित कर नई समय सारिणी जारी की है। अब राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 8 अगस्त से 13 अगस्त 2026 तक आयोजित की जाएगी।
परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव का निर्णय संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) मुख्य परीक्षा की तारीखों के टकराव के बाद लिया गया। शुक्रवार को आयोग ने मुख्य परीक्षा कार्यक्रम जारी किया था, जिसके मुताबिक परीक्षा 17 अगस्त से 22 अगस्त तक प्रस्तावित थी.
हालांकि, उम्मीदवारों ने इस बात पर आपत्ति जताई कि पिछले दो पेपर यूपीएससी मुख्य परीक्षा से टकरा रहे थे। यूपीएससी मुख्य परीक्षा 21 अगस्त से शुरू हो रही है, जबकि एमपीपीएससी के दो पेपर 21 और 22 अगस्त को निर्धारित किए गए थे। इससे दोनों परीक्षाओं में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को परेशानी होती।
आपत्तियों के बाद आयोग ने बुलाई बैठक
अभ्यर्थियों की मांग और आपत्ति के बाद आयोग ने शनिवार को बैठक बुलाई. परीक्षा कार्यक्रम में संशोधन का निर्णय लिया गया. आयोग ने शेड्यूल को स्थगित करने के बजाय इसे पहले आयोजित करने का निर्णय लिया, ताकि दोनों परीक्षाओं में भाग लेने वाले उम्मीदवारों को किसी भी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
एमपीपीएससी के ओएसडी रवींद्र पंचभाई ने बताया कि आयोग ने पहले हाईकोर्ट में अंतरिम राहत के लिए अर्जी दायर की थी। कोर्ट ने परीक्षा परिणाम सीलबंद लिफाफे में जमा करने की शर्त के साथ परीक्षा आयोजित करने की अनुमति दी थी. कोर्ट के आदेश के बाद ही संशोधित शेड्यूल जारी किया गया.
आवेदन प्रक्रिया अब 25 जून से शुरू होगी
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्य परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 25 जून से शुरू होगी और 15 जुलाई तक जारी रहेगी। प्रारंभिक परीक्षा में सफलतापूर्वक उत्तीर्ण होने वाले उम्मीदवारों के लिए आवेदन करना अनिवार्य होगा। आवेदन एमपी ऑनलाइन और आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से जमा किए जा सकते हैं।
जो अभ्यर्थी समय पर आवेदन करने में असमर्थ हैं, उनके लिए विलंब शुल्क के साथ एक अतिरिक्त अवसर प्रदान किया गया है। 3000 रुपए विलंब शुल्क के साथ 16 जुलाई से 22 जुलाई तक आवेदन जमा किए जा सकते हैं। 23 जुलाई से 27 जुलाई तक 25 हजार रुपये के विशेष विलंब शुल्क के साथ अंतिम अवसर मिलेगा।

राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 8 अगस्त से 13 अगस्त 2026 तक आयोजित की जाएगी।
आवेदन में सुधार का मौका भी मिलेगा
आयोग ने आवेदन पत्र में त्रुटि सुधार के लिए समय अवधि भी निर्धारित की है। अभ्यर्थी 30 जून से 17 जुलाई तक अपने आवेदन में संशोधन कर सकेंगे। प्रत्येक सुधार के लिए 50 रुपये का शुल्क देना होगा।
मुख्य परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र 3 अगस्त, 2026 से ऑनलाइन उपलब्ध होंगे। आयोग ने स्पष्ट किया है कि प्रवेश पत्र डाक के माध्यम से नहीं भेजे जाएंगे। अभ्यर्थियों को आयोग की वेबसाइट से ही एडमिट कार्ड डाउनलोड करना होगा।
आरक्षित वर्ग के लिए 400, सामान्य वर्ग के लिए 800 रुपये फीस
मुख्य परीक्षा के लिए आवेदन शुल्क भी तय कर दिया गया है. मध्य प्रदेश के एससी, एसटी, ओबीसी (नॉन-क्रीमी लेयर), ईडब्ल्यूएस और विकलांग उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 400 रुपये होगा। सामान्य वर्ग और मध्य प्रदेश के बाहर के उम्मीदवारों को 800 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा.
158 पदों पर भर्ती, 4000 अभ्यर्थी देंगे मुख्य परीक्षा
इस भर्ती परीक्षा के जरिए राज्य में कुल 158 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी. एमपीपीएससी के ओएसडी रवींद्र पंचभाई के मुताबिक, राज्य सेवा मुख्य परीक्षा में करीब 4 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे. इसके लिए आवेदन प्रक्रिया जल्द ही शुरू की जाएगी.
उन्होंने बताया कि शुक्रवार को जारी शेड्यूल में दो पेपर यूपीएससी मुख्य परीक्षा से टकरा रहे थे। ऐसे में दोनों परीक्षाओं में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। छात्रों के हित और सुविधा को ध्यान में रखते हुए आयोग ने बैठक कर नया परीक्षा कार्यक्रम जारी किया.
एमपीपीएससी के इस फैसले से हजारों अभ्यर्थियों को राहत मिली है। अब यूपीएससी और एमपीपीएससी दोनों परीक्षाओं की तैयारी करने वाले उम्मीदवार बिना किसी तारीख के टकराव के अपनी परीक्षा दे सकेंगे।
हाईकोर्ट के आदेश के बाद परीक्षा कार्यक्रम बदला गया
गौरतलब है कि राज्य सेवा मुख्य परीक्षा पहले 9 जून, 2025 से आयोजित होने वाली थी, लेकिन हाई कोर्ट में दायर एक याचिका के कारण 2 अप्रैल, 2025 को परीक्षा पर रोक लगा दी गई थी.
करीब एक साल बाद 18 जून 2026 को हाई कोर्ट ने परीक्षा पर लगी रोक हटा दी. इसके बाद आयोग ने परीक्षा कार्यक्रम जारी किया, लेकिन यूपीएससी मुख्य परीक्षा के साथ तारीखों के टकराव के कारण एक दिन बाद ही नया कार्यक्रम जारी करना पड़ा।








