
मप्र पुलिस का पंद्रह दिवसीय नशा विरोधी अभियान 'नशे से दूरी है जरूरी' इस समय पूरे प्रदेश में चल रहा है। जबलपुर में भी एसपी के निर्देश पर पुलिस अधिकारी और कर्मचारी सड़कों पर उतर आए हैं.
पुलिस ने कार्रवाई के लिए उन स्थानों की पहचान की है जहां स्कूलों के पास पान मसाला और तंबाकू बेचा जा रहा है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अनु बेनीवाल ने नगर निगम, महिला एवं बाल विकास और शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की, शपथ दिलाई और फिर त्वरित कार्रवाई के लिए सड़कों पर उतरे।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अनु बेनीवाल एवं उप पुलिस अधीक्षक सायबर सेल अंजुल अयंक मिश्रा के नेतृत्व में नगर निगम एवं महिला एवं बाल विकास कार्यालय के अधिकारियों एवं थाना प्रभारी बेलबाग जीतेन्द्र पाटकर एवं बेलबाग पुलिस थाना टीम के साथ छापेमारी की गई एवं बेलबाग थाना क्षेत्र में स्कूल/शैक्षिक संस्थानों के पास स्थित दुकानों की जांच की गई।
पुलिस ने बाई का बाग स्थित एक सरकारी स्कूल के गेट के पास स्थित एक दुकान पर छापा मारा। दुकान संचालक ने अपना नाम घमापुर चौक खटीक मोहल्ला निवासी दिनेश सोनकर बताया।
दुकान की तलाशी लेने पर सिगरेट, गुटखा और पान मसाला मिला, जिसे जब्त कर लिया गया और दुकान संचालक के खिलाफ बेलबाग थाने में कानूनी कार्रवाई की गई।

इसी तरह अन्य शिक्षण संस्थानों के पास स्थित दुकानों पर भी छापेमारी कर जांच की गयी. जिन दुकानों पर गुटखा, पान मसाला आदि पाया गया, उन्हें सीज कर दिया गया और नगर निगम की टीम द्वारा चालान की कार्रवाई की गई।
शिक्षण संस्थानों के निकट स्थित दुकान संचालकों को हिदायत दी गई कि वे किसी भी प्रकार की नशे से संबंधित सामग्री न बेचें, यदि दुकान में कोई भी नशे से संबंधित सामग्री पाई गई तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








