Mauganj News In Hindi:
मऊगंज। जिले में अवैध शराब कारोबार पर शिकंजा कसते हुए आबकारी विभाग ने आज बड़ी कार्रवाई की। आज 27 मई को वृत्त मऊगंज के विभिन्न गांवों में दबिश देकर आबकारी टीम ने छह अलग-अलग स्थानों से 2240 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया। जब्त की गई लाहन की बाजार में अनुमानित कीमत 2.24 लाख रुपए आंकी गई है।

अलग-अलग गांवों में एक साथ छापेमारी
इस संयुक्त कार्रवाई में ग्राम निरपत सिंह पहाड़ी, उमरी, बकुलीय और पटेहरा को निशाना बनाकर दबिश दी गई। गांव निरपत सिंह पहाड़ी में निलेश साकेत और आशा साकेत के मकानों से क्रमशः 460 किलो और 260 किलो महुआ लाहन जब्त किया गया। ग्राम उमरी में श्याम कली जायसवाल और सत्यवती जायसवाल के मकानों से क्रमशः 560 और 440 किलो लाहन बरामद हुआ।
वहीं, ग्राम बकुलीय में जानकी प्रजापति के घर से 280 किलो और ग्राम पटेहरा में सबिता साकेत के घर से 240 किलो महुआ लाहन बरामद किया गया। कुल मिलाकर 6 अलग-अलग मामलों में भारी मात्रा में अवैध कच्ची शराब के लिए उपयोग होने वाली लाहन जब्त की गई।
आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज
पूरे अभियान के तहत जब्त की गई महुआ लाहन को नष्ट कर म.प्र. आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(च) के तहत कुल 6 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह महुआ लाहन अवैध शराब निर्माण की कच्ची सामग्री थी, जिसे मौके पर नष्ट कर दिया गया।
जिम्मेदारों पर होगी सख्त कार्रवाई: सहायक आयुक्त
सहायक आबकारी आयुक्त, रीवा ने कहा कि जिले में अवैध शराब निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ यह अभियान आगे भी तेज गति से जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि ऐसे असामाजिक कृत्यों में संलिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
टीम ने निभाई अहम भूमिका
आज की इस बड़ी कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक गोकुल प्रसाद मेघवाल के नेतृत्व में टीम ने मुस्तैदी से काम किया। आरक्षक वेदप्रकाश तिवारी, प्रदीप सिंह, संगीता द्विवेदी, अखिलेश शुक्ला, अतुल बागरी, आशीष गुप्ता और शुभम द्विवेदी ने विशेष योगदान दिया।
पेट्रोल न्यूज़ संवाददाता | मऊगंज









