November 22, 2026 5:47 am

आज से छठ महापर्व की शुरुआत, जानें नहाय-खाय से उषा अर्घ्य तक चार दिनों का पूरा कैलेंडर

chhath 2026 :  आज से  छठ पर्व की शुरुआत हो चुकी है. छठ पर्व का धार्मिक महत्व सूर्य उपासना और संतान के कल्याण से जुड़ा है. कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को इस पर्व का मुख्य अनुष्ठान किया जाता है. बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश से जुड़ी यह परंपरा अब देश के दूसरे हिस्सों तक पहुंच चुकी है. चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व में नहाय-खाय, खरना, संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य की परंपरा निभाई जाती है. इस साल छठ पर्व 13 नवंबर से लेकर 16 नवंबर तक मनाया जाएगा. मान्यता है कि सूर्य देव और छठी मैया की आराधना से संतान को आरोग्य, लंबी उम्र और जीवन में सफलता का आशीर्वाद मिलता है.

छठ पूजा का महत्व
छठ पूजा में सूर्य देव की उपासना का विशेष विधान है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कार्तिक महीने में सूर्य की विशेष पूजा करने से आरोग्य और सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है. छठ पूजा का संबंध संतान की मंगलकामना से भी है. मान्यता है कि षष्ठी तिथि की आराधना करने से संतान की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य का आशीर्वाद मिलता है. यही वजह है कि बड़ी संख्या में महिलाएं संतान की सुख-समृद्धि और परिवार के कल्याण के लिए यह कठिन व्रत रखती हैं.

नहाय-खाय की पूजन विधि
छठ पर्व की शुरुआत नहाय-खाय के साथ होती है. इस दिन व्रती स्नान करके शुद्धता के साथ छठ पर्व की शुरुआत करते हैं. लोग सुबह सूरज की पहली किरण के साथ ही उठ जाते हैं. फिर नदी, तालाब या घर पर ही पानी में गंगाजल मिलाकर स्नान करते हैं. इसके बाद लोग घर की अच्छे से साफ-सफाई करते हैं और सात्विक भोजन तैयार करते हैं. नहाय-खाय के दिन आमतौर पर व्रती चावल, चने की दाल और कद्दू (लौकी) की सब्जी बनाकर खाते हैं. इस भोजन को बनाते वक्त द्धता का विशेष ध्यान रखा जाता है.

इस दिन व्रती भोजन करने के बाद छठ पूजा के कठिन नियमों का पालन शुरू कर देते है. नहाय-खाय के अगले दिन खरना होता है, जिसमें पूरे दिन उपवास रखने के बाद शाम को गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण किया जाता है. इसके बाद लगभग 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होता है.

छठ पूजा 2026 कैलेंडर
1. शुक्रवार, 13 नवंबर- नहाय-खाय
2. शनिवार, 14 नवंबर- खरना
3. रविवार, 15 नवंबर- संध्या अर्घ्य
4. सोमवार, 16 नवंबर- उषा अर्घ्य और पारण

छठी मैया कौन हैं?
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, छठी मैया को भगवान ब्रह्मा की मानस पुत्री और सूर्य देव की बहन माना जाता है. उन्हें प्रकृति के छठे अंश से उत्पन्न देवी यानी षष्ठी देवी के रूप में भी जाना जाता है. इन्हीं की आराधना के लिए छठ महापर्व मनाया जाता है. कहते हैं कि जब ब्रह्माजी सृष्टि की रचना कर रहे थे, तब उन्होंने अपने स्वरूप को दो भागों में विभाजित किया था. उनका दायां भाग पुरुष और बायां भाग प्रकृति के रूप में प्रकट हुआ. प्रकृति को सृष्टि की अधिष्ठात्री देवी माना गया. प्रकृति देवी ने अपने स्वरूप को छह हिस्सों में बांटा था. उनका छठा अंश मातृ देवी या देवसेना कहलाया, जिन्हें षष्ठी देवी के नाम से भी जाना जाता है. लोक परंपरा में यही देवी छठी मैया के रूप में पूजी जाती हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

R . 1

Advertisement Carousel

Your Opinion

UGC beneficial for India?
error: Content is protected !!