
केशव प्रसाद मौर्य ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 17 सितंबर को जन्मदिन के अवसर पर उनके 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा प्रत्येक नागरिक को ‘विकसित भारत 2047’ के राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश का ग्राम्य विकास विभाग 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ संचालित करेगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को सेवा, समर्पण और जनभागीदारी के संकल्प के साथ मनाते हुए अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से आए बदलावों को लोगों तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही पात्र ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ दिलाने और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उप मुख्यमंत्री ने अभियान को प्रभावी एवं परिणामपरक बनाने के लिए राज्य एवं जनपद स्तर के अधिकारियों को व्यापक दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने निर्देशित किया है कि अभियान के दौरान गांव-गांव तक सरकार की योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के साथ ही पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ा जाए तथा ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। सभी संबंधित अधिकारी अभियान की गतिविधियों की प्रभावी निगरानी करते हुए इसे व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाएं।
केशव प्रसाद मौर्य ने ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए ब्लॉक स्तर पर 07 दिवसीय बहुउद्देशीय ‘सेवा सेतु अभियान’ आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। इसके अंतर्गत विभिन्न योजनाओं से संबंधित आवेदन मौके पर ही भरवाए जाएंगे और पात्रता का सत्यापन भी किया जाएगा, ताकि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में अनावश्यक कठिनाई न हो। इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायतों में ‘ग्राम चौपाल’ का आयोजन कर ग्रामीणों की समस्याओं को सीधे सुना जाएगा। यथासंभव समस्याओं का मौके पर समाधान कराया जाएगा तथा प्राप्त सुझावों और फीडबैक का संकलन किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री श्री मौर्य ने कहा है कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिन से प्रारंभ होकर सेवा, समर्पण और जनभागीदारी की भावना को गांव-गांव तक पहुंचाने वाला अभियान बने। अभियान को सुव्यवस्थित तरीके से संचालित कर पूरी तरह सफल बनाया जाए। उन्होंने अभियान से संबंधित सभी तैयारियां समय से पूर्ण करने तथा राज्य, जनपद और विकासखंड स्तर पर प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, जिससे अभियान का लाभ अधिक से अधिक ग्रामीणों तक पहुंच सके।
प्रमुख सचिव, ग्राम्य विकास श्री सौरभ बाबू ने बताया कि उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य के निर्देशों के क्रम में मुख्यालय एवं जिला स्तर पर अभियान के सुचारू संचालन एवं समन्वय से किया जा रहा है। प्रदेश एवं जनपद स्तर के नोडल अधिकारी प्रत्येक सप्ताह अभियान की प्रगति की समीक्षा करेंगे तथा निर्धारित निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराएंगे। उप मुख्यमंत्री श्री मौर्य के निर्देशों के क्रम में 17 सितंबर को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिन के अवसर पर शाम 7 बजे अमृत सरोवरों एवं ग्राम पंचायत स्तर पर दीप प्रज्वलित कर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से ग्रामीणों के जीवन में आए बदलावों पर आधारित ‘कहानी बदलाव की’ शीर्षक से 60 सेकंड की रील्स तैयार कर सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों पर साझा की जाएंगी। इन रील्स के माध्यम से योजनाओं से लाभान्वित ग्रामीणों की सफलता और उनके जीवन में आए सकारात्मक बदलाव को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।









