
फिल्म 'काला हिरण' को लेकर चल रहे विवाद के बीच फिल्म के निर्माता अमित जानी ने सलमान खान की कानूनी टीम के नोटिस पर प्रतिक्रिया दी है।
अपने आधिकारिक फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में अमित जानी ने कहा कि हमारी पूरी फिल्म सलमान खान की बायोपिक नहीं है। हमारी पूरी फिल्म सलमान खान के नजरिए से नहीं है।'
अमित जानी ने वीडियो में कहा, 'सलमान खान की कानूनी टीम हम पर फिल्म की रिलीज और इसके टीजर को रोकने के लिए दबाव बनाने के लिए नोटिस भेज रही है, जो 20 जून को होने वाली है।'

अमित जानी इससे पहले फिल्म 'उदयपुर फाइल्स' (2025) बना चुके हैं।
'सलमान खान तो बस फिल्म का एक हिस्सा हैं': अमित जानी
इस बीच एबीपी न्यूज से बातचीत में अमित जानी ने कहा है कि फिल्म 'काला हिरण' बिश्नोई समुदाय के संघर्ष, उनकी विरासत और वन्य जीवन के प्रति उनके समर्पण को दर्शाती है. जानी ने कहा कि सलमान खान तो बस फिल्म का एक हिस्सा हैं.
'काला हिरण' को लेकर सलमान खान ने भेजा था कानूनी नोटिस न्यूज 18 की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि सलमान ने लॉ फर्म डीएसके लीगल के जरिए कास्टिंग डायरेक्टर अक्षय पांडे को कानूनी नोटिस भेजा था। नोटिस में 'काला हिरण' नाम की प्रस्तावित फिल्म के निर्माण और प्रचार को तत्काल रोकने की मांग की गई है। सलमान की टीम का आरोप है कि फिल्म काला हिरण शिकार मामले से प्रेरित है
नोटिस में कहा गया है कि यह फिल्म कथित तौर पर सलमान खान के काले हिरण शिकार मामले से प्रेरित है। सलमान की कानूनी टीम का दावा है कि यह फिल्म उनकी छवि को नुकसान पहुंचा सकती है, चल रही कानूनी कार्यवाही को प्रभावित कर सकती है और उनके व्यक्तिगत अधिकारों का उल्लंघन कर सकती है।
सलमान की कानूनी टीम का कहना है कि अभिनेता ने अपने नाम, पहचान या उनसे जुड़ी किसी भी कथित घटना के इस्तेमाल की अनुमति नहीं दी है।
टीज़र 20 जून को रिलीज़ होने वाला था
गौरतलब है कि सलमान से जुड़े काला हिरण शिकार मामले पर आधारित फिल्म 'काला हिरण' का पोस्टर शुक्रवार को रिलीज हुआ था। यह भी बताया गया कि फिल्म का फर्स्ट लुक और टीजर 20 जून को रिलीज किया जाएगा.
फिल्म में सलमान और गैंगस्टर लॉरेंस के बीच विवाद को दिखाया जाएगा। हालांकि, लीड रोल में कौन है इसका खुलासा नहीं हुआ। साथ ही पोस्टर में नजर आ रहे एक्टर भी मशहूर नहीं हैं.

फिल्म 'काला हिरण' के पोस्टर के मुताबिक इसके निर्देशक भरत एस श्रीनेत हैं।
काले हिरण के शिकार का मामला 1998 में सामने आया था
सलमान खान से जुड़ा काला हिरण शिकार मामला 1998 में सामने आया था, जब वह जोधपुर में फिल्म 'हम साथ-साथ हैं' की शूटिंग कर रहे थे। सलमान पर कुल चार मामले दर्ज थे. इनमें दो चिंकारा शिकार मामले, एक कांकाणी काला हिरण शिकार मामला और एक आर्म्स एक्ट मामला शामिल है।
काला हिरण शिकार मामले में बिश्नोई समुदाय की शिकायत के आधार पर सलमान समेत सैफ अली खान, तब्बू, सोनाली बेंद्रे और नीलम के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया था. इन मामलों में सलमान को पहली बार 12 अक्टूबर 1998 को गिरफ्तार किया गया था, हालांकि बाद में उन्हें जमानत मिल गई थी।
अप्रैल 2006 में सलमान को चिंकारा शिकार मामले में दोषी ठहराया गया था। जनवरी 2017 में उन्हें आर्म्स एक्ट मामले में बरी कर दिया गया था. हालांकि, 5 अप्रैल 2018 को उन्हें काला हिरण शिकार मामले में 5 साल जेल और 10 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई गई थी. इसी मामले में बाकी कलाकारों को बरी कर दिया गया.
बाद में सलमान को जमानत मिल गई. फिलहाल यह मामला राजस्थान हाईकोर्ट में लंबित है. मई 2026 में सुनवाई के बाद कोर्ट ने अगली सुनवाई 13 जुलाई 2026 तय की है. सलमान खान फिलहाल जमानत पर बाहर हैं.









