सुशासन तिहार से बुजुर्गों को मिला सामाजिक सुरक्षा का संबल, 1062 हितग्राहियों की वृद्धावस्था पेंशन हुई स्वीकृत

रायपुर, 23 जून 2026

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में आयोजित सुशासन तिहार 2026 प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रहा है। जनसमस्या निवारण एवं समाधान शिविरों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों की समस्याओं का त्वरित निराकरण कर उन्हें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। इसी क्रम में सरगुजा जिले में वृद्धावस्था पेंशन योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करते हुए 1062 पात्र हितग्राहियों को पेंशन स्वीकृति प्रदान की गई है।
वृद्धावस्था पेंशन योजना की स्वीकृति मिलने से वरिष्ठ नागरिकों को नियमित आर्थिक सहायता के साथ सामाजिक सुरक्षा का संबल मिलेगा। विकासखंडवार लाभान्वित हितग्राहियों में अम्बिकापुर के 28, लखनपुर के 57, उदयपुर के 369, लुण्ड्रा के 134, बतौली के 325, सीतापुर के 84 तथा मैनपाट के 65 बुजुर्ग शामिल हैं, जिन्हें समाधान शिविरों के माध्यम से योजना से जोड़ा गया है।
शिव कुमार दुबे को मिला सम्मानपूर्ण जीवन का भरोसा
ग्राम सखौली निवासी श्री शिव कुमार दुबे ने वृद्धावस्था पेंशन योजना के लिए आवेदन प्रस्तुत किया था। समाधान शिविर में उनके आवेदन का त्वरित निराकरण करते हुए उन्हें पेंशन स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया। स्वीकृति पत्र प्राप्त होने पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि बढ़ती उम्र में नियमित आय का कोई साधन नहीं होने से कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब पेंशन राशि मिलने से दैनिक जरूरतों की पूर्ति और जीवन-यापन में काफी सहूलियत होगी। उन्होंने कहा कि पहले ऐसी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, जबकि अब शासन स्वयं गांव तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं का निराकरण कर रहा है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
वरिष्ठ नागरिकों के जीवन में आ रहा सकारात्मक परिवर्तन
सुशासन तिहार के अंतर्गत आयोजित समाधान शिविरों का उद्देश्य शासन की सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। वृद्धावस्था पेंशन जैसी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के त्वरित क्रियान्वयन से बुजुर्गों को आर्थिक सहायता के साथ सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर मिल रहा है।
शिव कुमार दुबे जैसे हजारों वरिष्ठ नागरिक आज शासन की संवेदनशील और जनहितैषी पहल से लाभान्वित हो रहे हैं। सुशासन तिहार न केवल समस्याओं के समाधान का माध्यम बना है, बल्कि शासन और जनता के बीच विश्वास को और अधिक मजबूत करने का प्रभावी अभियान भी सिद्ध हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

R No. 13843/ 75

Advertisement Carousel

Your Opinion

Will Donald Trump's re-election as US President be beneficial for India?
error: Content is protected !!