CG-अम्बिकापुर : प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 22वीं किश्त जारी, जिले के 86,930 किसानों के खातों में पहुंचे 17.57 करोड़ रुपये
अम्बिकापुर 14 मार्च 2026
देश के किसानों को आर्थिक संबल प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम के गुवाहाटी से योजना की 22वीं किश्त जारी की।
इस अवसर पर सरगुजा जिले के 86,930 पात्र किसानों के बैंक खातों में 17.57 करोड़ रुपये की राशि सीधे अंतरित की गई। कार्यक्रम का प्रसारण जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों, विकासखंड मुख्यालयों, कृषक सुविधा केन्द्रों तथा कृषि विज्ञान केंद्र अजिरमा अम्बिकापुर सहित अन्य स्थानों पर देखा गया, जहां बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के माध्यम से किसानों को प्रतिवर्ष आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है, जिससे खेती-किसानी के कार्यों में सहूलियत मिल रही है और किसानों की आय बढ़ाने में भी मदद मिल रही है।
जिला स्तरीय कार्यक्रम कृषि विज्ञान केंद्र, अजिरमा अंबिकापुर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सरगुजा के सांसद चिंतामणि महाराज जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती निरूपा सिंह जिला पंचायत सदस्य एवं कृषि स्थायी समिति सदस्य श्रीमती नानमणि पैंकरा, कृषि मंत्री के प्रतिनिधि श्री रविन्द्र तिवारी सहित कृषि विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
इस दौरान उप संचालक कृषि श्री पीतांबर सिंह दीवान, वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. संदीप शर्मा तथा कृषि विज्ञान केंद्र एवं कृषि विभाग के अन्य अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में किसान भाई-बहन उपस्थित रहे।









