BREAKING NEWS

CG : मुख्यमंत्री ने राजिम- रायपुर- राजिम मेमू नई ट्रेन सेवा एवं रायपुर – अभनपुर 2 मेमू रेल सेवा का राजिम तक विस्तार का किया शुभारंभ

CG : मुख्यमंत्री ने राजिम- रायपुर- राजिम मेमू नई ट्रेन सेवा एवं रायपुर – अभनपुर 2 मेमू रेल सेवा का राजिम तक विस्तार का किया शुभारंभ

मुख्यमंत्री श्री साय ने राजिम- रायपुर- राजिम मेमू नई ट्रेन सेवा एवं रायपुर – अभनपुर 2 मेमू रेल सेवा का राजिम तक विस्तार का किया शुभारंभ

रायपुर एवं राजिम के मध्य आने-जाने के लिए यात्री सुविधा में हुई बढ़ोतरी

रेल नेटवर्क से जुड़ा रायपुर एवं छत्तीसगढ़ का प्रयाग राजिम

रायपुर 18 सितम्बर 2025/

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज राजिम रेलवे स्टेशन, नवापारा से नई रेल सेवा की सौगात दी। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने स्थानीय एवं आसपास क्षेत्र के लोगों के आवागमन सुविधा में बढ़ोतरी करते हुए राजिम से रायपुर के लिए नई मेमू ट्रेन सेवा की शुरुआत की। मुख्यमंत्री श्री साय नई मेमू ट्रेन शुभारंभ के अवसर पर गोबरा नवापारा स्थित शासकीय हरिहर हाई स्कूल मैदान हेलीपैड पहुंचें। जहां कलेक्टर डॉ गौरव सिंह ने पुष्पगुच्छ एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने गजमाला भेंटकर आत्मीय स्वागत किया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने राजिम- रायपुर – राजिम मेमू नई ट्रेन सेवा एवं रायपुर – अभनपुर 2 मेमू रेल सेवा का राजिम तक विस्तार की शुरुआत तथा यात्रियों से भरी ट्रेन को राजिम स्टेशन, नवापारा से हरी झंडी दिखाकर रायपुर की ओर रवाना किया। सस्ती एवं सुलभ नई ट्रेन सुविधा मिलने से क्षेत्र के लोगों में अपार उत्साह रहा। लोग खुशी और उमंग के साथ ट्रेन में सवार होकर रायपुर के लिए रवाना हुए। इस नई रेल सेवा से राजिम सहित आसपास के क्षेत्र के लोगों को भी रायपुर तक सस्ती ट्रेन सुविधा का लाभ मिल गया है। राजिम से रायपुर तरफ यात्रा करने के लिए सुगम, सुलभ और किफायती विकल्प मिल गया है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि हमारा छत्तीसगढ़ देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के आशीर्वाद से लगातार 19 महीना से विकास के गति में अग्रसर है। नई ट्रेन राजिम से रायपुर तक जाएगी, इससे लोगों को काफी लाभ होगा। इसके लिए क्षेत्र के लोगों को बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं। लगभग 8 साल पहले धमतरी से एक नैरोगेज ट्रेन  रायपुर तक चलती थी। और 8 साल बाद यहां ब्रॉडगेज ट्रेन की सुविधा उपलब्ध हुई। इसके लिए मैं पूरे छत्तीसगढ़ की जनता की तरफ से हमारे देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का आभार जताता हूं। इससे प्रदेश में तेजी से रेल सेवाओं का विकास एवं विस्तार किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि वर्तमान में छत्तीसगढ़ में रेलवे की लगभग 45,000 करोड़ रुपये की परियोजनाएं संचालित हो रही हैं। वित्त वर्ष 2025-26 के बजट में लगभग 7,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे प्रदेश में रेल सेवाओं का तीव्र विस्तार और विकास सुनिश्चित हो रहा है।

इस अवसर पर वन एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री केदार कश्यप, खाद्य मंत्री श्री दयालदास बघेल, लोकसभा सांसद रायपुर श्री बृजमोहन अग्रवाल, महासमुंद सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी, अभनपुर विधायक श्री इन्द्रकुमार साहू, राजिम विधायक श्री रोहित साहू, छत्तीसगढ़ राज्य भंडार गृह निगम के अध्यक्ष श्री चंदूलाल साहू सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश, कलेक्टर डॉ गौरव सिंह, एसएसपी डॉ लाल उम्मेद सिंह, डीआरएम श्री दयानंद, सीईओ जिला पंचायत श्री कुमार बिश्वरंजन सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिकगण मौजूद रहे।

इस अवसर पर रायपुर जिले के प्रभारी एवं वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा कि इस नई सेवा से छत्तीसगढ़ के प्रयाग—राजिम तक सीधी रेल पहुँच सुनिश्चित हो गई है, जिससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि 22 मई को निर्मल भारत रेलवे स्टेशन के नाम से देश के 103 रेलवे स्टेशन को मॉडिफाई करने के लिए चयन किया गया। उसके तहत हमारे छत्तीसगढ़ के पांच रेलवे स्टेशन का शुभारंभ किया गया। और यहां के 32 स्टेशन को शामिल किया गया। उसके लिए हमारे देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का आभार व्यक्त करता हूं, धन्यवाद देता हूं। साथ ही मुख्यमंत्री श्री साय के प्रयासों के कारण से लगभग 45000 करोड़ का आज यहां पर रेलवे के प्रोजेक्ट चालू है जिसके माध्यम से रेल कनेक्टिविटी बढ़ेगी। जिसमें बस्तर पीछे ना रहे इसके लिए राव घाट प्रोजेक्ट के अंतर्गत 140 किलोमीटर का जो रेलवे लाइन है वह भी काम अभी चालू है। लगातार अब हमारा बस्तर भी रेलवे कनेक्टिविटी से जुड़ रहा है। उसके साथ-साथ हमारा पूरा छत्तीसगढ़ जिस तरीके से रेल के नेटवर्क में के नक्शे पर आ रहा है मैं उसके लिए हमारे छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री साय को बधाई देता हूं।

कार्यक्रम में रायपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ के प्रयागराज राजिम में बाहर से साधु संत एवं पर्यटक भारी संख्या में आते हैं। उनको अब सीधे रायपुर से राजिम आने की सुविधा मिलेगी। इससे क्षेत्र का विकास एवं विश्व पटल पर राजिम का नाम और रोशन होगा। महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती रूप कुमारी चौधरी ने लोगों को नई रेल सेवा की बधाई देते हुए कहा की अब राजिम से रायपुर जाना बहुत आसान हो गया है। इससे लोगों को सस्ती रेल सेवा का लाभ मिलेगा। राजिम आने वाले श्रद्धालु एवं पर्यटक यात्रीगण राजिम से सीधे डोंगरगढ़ तक जा सकेंगे।

अब सुरक्षित एवं जल्द होगी राजिम से रायपुर की यात्रा

नए ट्रेन के शुरुआत से स्थानीय नागरिक उत्साहित है। ट्रेन में सवार नवापारा निवासी श्रीमती पद्मीनी सोनी ने बताया कि पहले हमें बस से रायपुर जाने में समस्या होती थी और रात के समय सफर करना मुश्किल था। अब इस मेमू ट्रेन से हमें आने जाने में कोई समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा और सुरक्षित परिवार सहित यात्रा कर पाएंगे।

ट्रेन से रायपुर सफर होगा आरामदायक

इसी तरह अभनपुर ब्लॉक ग्राम तर्री के निवासी श्री माखनलाल साहू एवं श्री छन्नूराम साहू अच्छे मित्र है और आज इस मेमू ट्रेन में बैठकर राजिम से रायपुर घूमने के लिए जा रहे है। उन्होंने बताया कि हम दोनों बहुत दिन बाद ट्रेन का सफर कर पा रहे हैं, सफर के साथ घूमना भी हो जाता तथा ट्रेन का सफर सुरक्षित और आरामदायक होता है। यात्रियों ने इस नए ट्रेन सेवा के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल से प्राप्त जानकारी के अनुसार रायपुर और अभनपुर के मध्य संचालित रायपुर-अभनपुर-रायपुर मेमू पैसेंजर ट्रेन का परिचालन अब राजिम तक विस्तार किया गया है। 19 सितम्बर 2025 से नियमित समय-सारणी के अनुसार गाड़ी संख्या 68766/68767 राजिम-अभनपुर-रायपुर मेमू पैसेंजर प्रतिदिन दोनों छोर से—राजिम और रायपुर से—संचालित होगी। इस ट्रेन में 06 सामान्य श्रेणी के डिब्बे तथा 02 पावरकार सहित कुल 08 कोच हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

R No. 13843/ 75

Advertisement Carousel

Your Opinion

Will Donald Trump's re-election as US President be beneficial for India?
error: Content is protected !!