
झारखंड में JPSC की 14वीं प्रारंभिक परीक्षा (PT) समेत अन्य में कथित धांधली में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की एंट्री हो गई है। एजेंसी ने जांच CID में दर्ज FIR संख्या 16/26 के आधार पर मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के लिए ECIR दर्ज की है। अब परीक्षा धांधली से जुड़े आर्थिक लेन-देन और संभावित मनी ट्रेल की भी जांच होगी। ED को शक है कि परीक्षा में गड़बड़ी के पीछे बड़े पैमाने पर पैसों का लेन-देन हुआ है।
आपको बता दें कि छात्र आंदोलन में जेएसएससी और सीजीएल परीक्षा रद्द करने की मांग और सीबीआई जांच चाहते हैं। राज्य सरकार का कहना है कि सीजीएल परीक्षा कोर्ट की निगरानी में हुई है। इसलिए इसे रद्द करना उसके अधिकार में नहीं है। साथ ही सीबीआई जांच का आदेश देने का भी अधिकार नहीं है।
छात्रों का आंदोलन 17वें दिन भी जारी
झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का आंदोलन आज 17वें दिन भी जारी है। रांची के जयपाल सिंह स्टेडियम में देवेंद्र नाथ महतो करीब एक हफ्ते से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं। कुल मिलाकर 6 प्रदर्शनकारी भूख हड़ताल पर हैं। इस बीच छात्रों का एक संगठन आज विधानसभा का घेराव करने वाला है।
दूसरी ओर, जेपीएससी के तीनों सदस्यों ने भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ जांच की मांग को लेकर हो रहे विरोध-प्रदर्शनों के बीच कल रविवार को इस्तीफा दे दिया। लोक भवन की ओर से जारी बयान में बताया गया, राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने अनिमा हांसदा, अजीता भट्टाचार्य और जमाल अहमद के इस्तीफे स्वीकार भी कर लिए।
CID ने पूछताछ के लिए भेजा समन
इससे पहले सीआईडी की ओर से इन तीनों सदस्यों को पेपर लीक समेत अन्य अनियमितताओं के आरोपों के संबंध में पूछताछ के लिए तलब किया गया है। सीआईडी की ओर से तलब किए जाने के बाद इन तीनों ने इस्तीफा दे दिया। जांच एजेंसी से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के नेता सुप्रियो भट्टाचार्य की पत्नी अजीता भट्टाचार्य से आज सोमवार को पूछताछ की जानी है। जबकि जमाल अहमद से 12 अगस्त और हांसदा से 14 अगस्त को पूछताछ की जाएगी। इन तीनों लोगों की नियुक्ति सितंबर 2021 में की गई थी।
आयोग के अध्यक्ष पहले ही दे चुके इस्तीफा
इससे पहले आयोग के अध्यक्ष एल. खियांग्ते ने 22 जुलाई को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। जेपीएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के मामले में अब तक 19 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जबकि खियांग्ते से 28 जुलाई से अब तक चार बार लंबी पूछताछ की जा चुकी है। इस बीच प्रदर्शनकारी झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं से जुड़े मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की अपनी मांग पर अड़े रहे। कल रविवार को राज्य सरकार और प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच छठे दौर की बातचीत का कोई नतीजा नहीं निकला।







