August 5, 2026 7:00 pm

VIDEO: ‘मुझे मारने की साजिश रची गई…’, पप्पू यादव पर अज्ञात शख्स ने चप्पल से किया हमला, दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हंगामा

पप्पू यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस उस वक्त अचानक हंगामे में बदल गई जब भीड़ में मौजूद एक युवक ने उनसे तीखा सवाल पूछ लिया। देखते ही देखते धक्कामुक्की शुरू हो गई और सांसद के समर्थकों ने युवक को घेर लिया। बताया जा रहा है कि इस दौरान अज्ञात शख्स ने उनपर चप्पल भी फेंके।

दरअसल पप्पू यादव इससे पहले संसद परिसर में राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी को लेकर एक अनोखे प्रदर्शन के चलते चर्चा में आए थे। उस प्रदर्शन में वे भगवा वस्त्र पहनकर विपक्ष के बाकी सांसदों के साथ नाटकीय अंदाज में सामने आए थे। सांसदों ने दानपात्र में पैसे डालने और फिर उसे जेब में रख लेने का अभिनय करके अपना विरोध दर्ज कराया था। उसी विरोध प्रदर्शन को लेकर पप्पू यादव और अन्य विपक्षी नेताओं पर राजनीतिक हमले तेज हो गए थे।

अब प्रेस कॉन्फ्रेंस में हुई इस झड़प ने उस विवाद को फिर सुर्खियों में ला दिया है। घटना के तुरंत बाद पप्पू यादव ने दावा किया कि उन पर हमले की नीयत से हाथ में चाकू लेकर एक शख्स आया था।

क्या बोले पप्पू यादव?

पूर्णिया में मीडिया से बातचीत में उन्होंने एफआईआर के सवाल पर पलटवार करते हुए कहा, “क्या मुझे भगवा पहनने का अधिकार नहीं है? राहुल गांधी एफआईआर से कभी नहीं डरे, प्रियंका गांधी कभी नहीं डरीं, तो फिर पप्पू यादव क्यों डरे? सनातन और भगवान से गद्दारी करने वालों के खिलाफ, आस्था की रक्षा के लिए अगर मरना भी पड़े तो मैं हर दिन कफन बांधकर निकलता हूं।” इस बयान के बाद राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर सियासी बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में क्या हुआ

घटना उस वक्त शुरू हुई जब एक युवक ने पप्पू यादव से उनके संसद प्रदर्शन को लेकर सवाल दागा, खासकर भगवा वस्त्र पहनने और भगवान राम की मूर्ति को सांसद अवधेश प्रसाद के पैरों के पास रखे जाने पर। सवाल पूछते ही माहौल गरमा गया। मौके पर मौजूद पप्पू यादव के समर्थकों ने युवक को घेरकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी, जिससे वहां अफरा तफरी मच गई। बाद में एक समर्थक ने अपना चोटिल हाथ दिखाते हुए दावा किया कि युवक चाकू लेकर आया था और उसी की वजह से बड़ी अनहोनी टल गई।

“चाकू लेकर आया था, हत्या की साजिश थी” – पप्पू यादव

घटना के बाद पप्पू यादव ने सीधा आरोप लगाया कि युवक जानबूझकर उन्हें नुकसान पहुंचाने की नीयत से आया था। उनके शब्दों में, “वो चाकू लेकर आया था भाई, मारने की साजिश थी… लोग नहीं होते तो हम बचते क्या… हम डरेंगे नहीं।” उन्होंने कहा कि अगर आसपास लोग मौजूद नहीं होते तो मामला और गंभीर हो सकता था।

दिल्ली पुलिस के रवैये पर भी उठे सवाल

इसी क्रम में पप्पू यादव ने दिल्ली पुलिस के कामकाज पर भी सवाल खड़े किए। उनका कहना था, “पुलिस की बहुत बड़ी विफलता है। दिल्ली पुलिस सिर्फ और सिर्फ सरकार के इशारे पर काम कर रही है।” उन्होंने आगे कहा कि अगर विपक्षी सांसदों को चुप कराने के लिए इस तरह की घटनाओं का सिलसिला चलता रहा तो यह लोकतंत्र के लिए अच्छा संकेत नहीं है, और साफ किया कि विपक्ष की आवाज दबाने की किसी भी कोशिश के आगे वे झुकने वाले नहीं हैं।

देखिए वीडियो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

R . 1

Advertisement Carousel

Your Opinion

Will Donald Trump's re-election as US President be beneficial for India?
error: Content is protected !!