
कोण्डागांव, 17 जून 2026
जिले के ग्राम मसोरा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक सुश्री लता उसेंडी शामिल हुईं। इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीता शोरी, नगर पालिका अध्यक्ष श्री नरपति पटेल, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनीता कोर्राम सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, मिष्ठान खिलाकर तथा पुस्तकें एवं गणवेश प्रदान कर आत्मीय स्वागत किया गया। विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण वातावरण के बीच बच्चों ने नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सुश्री लता उसेंडी ने विद्यार्थियों को नए सत्र की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य और कल के नेतृत्वकर्ता हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासित जीवन अपनाने तथा एक जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के प्रति समर्पित होकर कार्य करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए उन्होंने सभी से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा प्रकृति के संरक्षण में अपनी सहभागिता निभाने की अपील की। उन्होंने शिक्षकों एवं अभिभावकों से भी कहा कि कक्षा 10वीं एवं 12वीं के बाद विद्यार्थियों को उनकी रूचि अनुसार आगे की पढ़ाई के लिए प्रेरित करें।
नगर पालिका अध्यक्ष श्री नरपति पटेल ने कहा कि शाला प्रवेश उत्सव शिक्षा के प्रति जनजागरूकता लाने की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि जिले के विद्यार्थी शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद सहित विभिन्न क्षेत्रों में भी उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की नियमित रूप से विद्यालय में उपस्थिति के लिए प्रेरित करने अपील की। कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई में नियमित सहयोग करने तथा उन्हें प्रतिदिन विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया। उन्होंने बच्चों को अध्ययन के साथ-साथ सुंदर हैंडराईटिंग के लिए भी नियमित अभ्यास करने की सलाह दी।
कार्यक्रम में गांव के मेधावी विद्यार्थियों का भी सम्मान किया गया। साथ ही छात्राओं द्वारा बनाए गए विभिन्न प्रोजेक्ट मॉडल का भी अवलोकन अतिथियों द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में विधायक सुश्री उसेण्डी सहित अतिथियों ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर श्रीमती ईना श्रीवास्तव, सरपंच श्रीमती सुकली बाई मरकाम, श्री बंटी नाग सहित जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश भोई, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती भारती प्रधान, डीएमसी श्री ईमल बघेल सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं उनके अभिभावकगण उपस्थित रहे।






