
Akhilesh Yadav: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बिहार के बांकीपुर और मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर बीजेपी की हार को लेकर करारा तंज कसा है। उन्होंने कहा कि भगवान को नचाने का अहंकार रखने वालों को भगवान ने ही नचा दिया।
इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग खुद को भगवान के ऊपर समझते थे, उन्हें भगवान ने चलती गाड़ी से नीचे उतार दिया और उनके घमंड का बुखार भी उतार दिया।
वोट चोरी, पेपर चोरी जैसे मुद्दों को लेकर लगाए आरोप
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अपने ऑफिशियल एक्स हैंडल पर लिखा कि ये युवाओं की एकता और उनके अभिभावकों के आक्रोश का संयुक्त परिणाम है। उन्होंने इसके पीछे का कारण वोट चोरी, पेपर चोरी, चढ़ावा-चंदा-दान चोरी, नौकरी चोरी, आरक्षण चोरी, कमीशनखोरी, पीडीए पर अत्याचार, घोर भ्रष्टाचार, महंगाई की मार, मिलावट के सरकारीकरण, माताओं-बेटियों तक का अपमान और देश के जेन जी पर हर तरह से प्रहार बताया।
अखिलेश यादव ने बीजेपी पर कसा तंज
उन्होंने आगे आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने इन सभी तरीकों से जनता के विश्वास और आस्था तक को ठगा है। अब तो भाजपावाले भी अपने ही ‘किसी’ का इस्तीफा मांगेंगे क्योंकि जो अपनी ही विधानसभा हार गए उनके भरोसे नाव कैसे पार होगी। अखिलेश यादव ने बीजेपी संगठन पर निशाना साधते हुए कहा कि ये हार उनकी है जिन्होंने उनको चुना था या कहें संगठन पर अपनी मर्जी की तरह थोपा था। अब तो कोई ये भी नहीं कह सकता है कि ‘भाजपा में इस्तीफे नहीं होते हैं।’
ये डबल इंजन की डबल हार- सपा प्रमुख
अखिलेश यादव ने कहा, ‘सबसे ज्यादा खुश तो उत्तर प्रदेश में ‘वो’ हैं, जिनको ‘पीडीए’ समाज का होने की वजह से राष्ट्रीय स्तर का पद न देकर जानबूझकर राज्य स्तर का पद दिया गया था। आज तो वो भी मुस्कुराकर पूछ रहे हैं- ‘5 बड़ा या 7’। वैसे जनता ये भी कह रही है कि जब राष्ट्रीय अध्यक्ष विधानसभा नहीं जिता पाए तो राज्य-अध्यक्ष तो विधानसभा लड़वा भी नहीं पाएंगे। ये डबल इंजन की डबल हार है।’
‘भाजपा की हार मतलब बदलाव की शुरुआत!’
उन्होंने कहा कि भाजपा की हार मतलब बदलाव की शुरुआत! भाजपा की सबसे सुरक्षित और परंपरागत सीटें भी अब उनकी हार नहीं बचा पाएंगी। अब भाजपा का संकट हार से बढ़कर इस बात का होगा कि उनका टिकट लेनेवाला ‘ड्रोन और दूरबीन’ से भी ढूंढे नहीं मिलेगा। अंत में उन्होंने सभी विजयी उम्मीदवारों को जीत की बधाई दी और नई उम्मीदों पर खरे उतरने के लिए सजग-सचेत और संविधान के प्रति वचनबद्ध रहने की अपेक्षा जताई।









