
फिल्म में राजकुमार राव और कीर्ति सुरेश मुख्य भूमिका में नजर आएंगे।
राजकुमार राव और साउथ एक्ट्रेस कीर्ति सुरेश स्टारर फिल्म 'रफ्तार' अब 16 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म पहले जुलाई में रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब इसे लंबे दशहरा वीकेंड पर दर्शकों के सामने लाने का फैसला किया गया है।

फिल्म को अमेज़न एमजीएम स्टूडियोज का समर्थन प्राप्त है। फिल्म का निर्माण पत्रलेखा ने अपने बैनर 'कम्पा फिल्म' के तहत किया है। बतौर निर्माता पत्रलेखा और राजकुमार राव की यह पहली थिएटर फिल्म होगी। फिल्म का निर्देशन आदित्य निंबालकर ने किया है।
तरुण बाली फिल्म के कार्यकारी निर्माता हैं, जबकि कहानी और पटकथा रोहन नरूला ने लिखी है। पीवीआर आईनॉक्स पिक्चर्स फिल्म के वितरण का काम संभालेगी। फिल्म में अनुराग ठाकुर, रोहन वर्मा, तान्या मानिकतला और रजत कपूर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
महत्वाकांक्षा, शक्ति और सफलता की दौड़
'रफ़्तार' एक ड्रामा फिल्म है जो महत्वाकांक्षा, शक्ति और सफलता की दौड़ में चुकाई जाने वाली भावनात्मक कीमत को दर्शाती है। यह कहानी भारत की तेजी से बढ़ती एड-टेक इंडस्ट्री की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जहां एक स्टार्टअप की तेजी से सफलता और उसके बाद आने वाले उतार-चढ़ाव को दिखाया जाएगा। फिल्म यह भी दर्शाती है कि कैसे बड़े सपनों की चाहत नैतिक सीमाओं को धुंधला कर देती है और व्यक्तिगत रिश्तों को प्रभावित करती है।








