
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने रविवार को अवंतीबाई लोधी की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए बड़ा ऐलान किया। सपा प्रमुख ने कहा कि आने वाले समय में जब समाजवादी पार्टी की सरकार होगी तब 16 अगस्त की छुट्टी वीरांगना अवंतीबाई लोधी जी के सम्मान में हम देंगे। इस दौरान उन्होंने देश के लिए वीरांगना अवंतीबाई की संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए कहा कि इतिहास के पन्नों में ऐसे बहुत कम लोग होंगे जो इतने बहादुर रहे होंगे।
राजधानी लखनऊ में रानी अवंतीबाई लोधी की जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। हजरतगंज स्थित अवंतीबाई की प्रतिमा पर पहले सीएम योगी ने पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद कार्यक्रम में शामिल होने पूर्व सीएम और सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी पहुंचे। यहां जनसभा को संबोधित करते हुए अखिलेश ने योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, अंग्रेजों के समय अधिकारों के लिए संघर्ष करना पड़ा था और आज भी सरकारों से अपने अधिकारों के लिए लड़ाई लड़नी पड़ रही है।
अवंतीबाई लोधी की जयंती पर अखिलेश का बड़ा ऐलान
जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “रानी लक्ष्मीबाई को जब हम याद करते हैं तो उनके बराबर 1857 में जिसने लड़ाई लड़ी थी वे थीं वीरांगना अवंतीबाई लोधी जिन्होंने अंग्रेजों से टक्कर लेने का काम किया था। इतिहास के पन्नों में ऐसे बहुत कम लोग होंगे जो इतने बहादुर रहे होंगी। मैं अपने सभी साथियों को भरोसा दिलाता हूं कि आने वाले समय में जब समाजवादी पार्टी की सरकार होगी तब 16 अगस्त की छुट्टी वीरांगना अवंतीबाई लोधी जी के सम्मान में हम देंगे। सरकार की ओर से उनके सम्मान में उत्सव और कार्यक्रम कराने का काम भी हम करेंगे।”
अखिलेश यादव ने BJP पर साधा निशाना
अखिलेश यादव ने आगे कहा, ‘बाबा साहब भीमराव अंबेडकर और डॉ राम मनोहर लोहिया ने संविधान और समाजवाद का रास्ता दिखाया। आज भी समाज को एकजुट कर अपने हक और अधिकारों की लड़ाई लड़ने की जरूरत है। वहीं, बीजेपी पर निशाना साधते हुए अखिलेश ने कहा, अगर सरकार कोई अच्छा काम करती तो संविधान को ठेस नहीं पहुंचती। संविधान रहेगा तो स्वतंत्रता, अधिकार और लोकतंत्र मजबूत रहेगा।’







