
Chamoli Tunnel Accident: उत्तराखंड के चमोली में मायापुर-पिपलकोटी के हट-सियासैन में बन रही THDC टनल में बचाव और तलाशी अभियान मंगलवार (18 अगस्त) को खत्म हो गया। दो और लापता मजदूरों के शव मिलने के बाद, 13 अगस्त को हुए हादसे में मरने वालों की कुल संख्या 10 हो गई है।
टनल के अंदर सघन तलाशी अभियान के दौरान SDRF (स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स) और NDRF (नेशनल डिजास्टर रिस्पांस फोर्स) की संयुक्त टीमों ने आज दो शव बरामद किए। इन दो शवों के मिलने के साथ ही हादसे के बाद लापता बताए गए तीनों मजदूर मिल गए हैं।
THDC टनल हादसे वाली जगह पर सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने पर पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवा ने कहा ‘1 का शव कल मिला और 2 का आज, 18 अगस्त को मिला, जिससे यह पक्का हो गया कि टनल में कोई कर्मचारी नहीं फंसा है। टनल से मशीनरी हटाने और कीचड़ व मलबा साफ करने का काम आखिरी चरण में है।
अधिकारी भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने और सुरक्षित कामकाज सुनिश्चित करने के लिए सेफ्टी ऑडिट कर रहे हैं। 8 लोगों के शव उनके परिवारों को सौंप दिए गए हैं, जबकि दूसरे राज्यों के लोगों के शव राज्य सरकार और संबंधित कंपनी की मदद से उनके राज्यों में भेज दिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवा ने कहा, “13 अगस्त की शाम को पीपलकोटी में बन रहे टिहरी हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट में एक घटना हुई, जिसमें टनल में अचानक कीचड़ और पानी भरने से कई कर्मचारी प्रभावित हुए। 12 लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है और वे सुरक्षित हैं। 10 लोगों में से 7 के शव उसी दिन मिल गए थे, 3 लापता थे। 1 का शव कल मिला और 2 का आज, 18 अगस्त को मिला।
मजिस्ट्रेट जांच जारी-उत्तराखंड सरकार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटनास्थल का दौरा किया था और अधिकारियों को युद्ध स्तर पर बचाव अभियान चलाने का निर्देश दिया था। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए केंद्र और उत्तराखंड सरकार दोनों की ओर से मजिस्ट्रेट जांच की जा रही है।
वहीं, पंवार ने आगे कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए समय-समय पर सुरक्षा जांच की जाएगी। गढ़वाल कमिश्नर ने भी THDC और ACC को निर्देश दिया है कि वे मारे गए और घायल हुए मजदूरों के परिवारों को उचित मुआवजा दिलाना सुनिश्चित करें।









