
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के एक रिश्तेदार की इंदौर में सड़क हादसे में मौत हो गई. हादसा शिप्रा थाना क्षेत्र में गुरुवार रात करीब 11 बजे हुआ। पार्थिव शरीर को हवाई मार्ग से दिल्ली लाया जाएगा। अंतिम संस्कार बलिया में किया जाएगा.
मृतक की पहचान प्रशांत सिंह (29) के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के रेवती, गाय घाट के रहने वाले थे. उनके पिता प्रदीप सिंह रिश्ते में केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह के भाई लगते हैं.
पुलिस के मुताबिक प्रदीप तीन परिचितों के साथ किसी काम से देवास आया था। गुरुवार रात वे कार से इंदौर की ओर आ रहे थे। शिप्रा के पास उन्होंने किसी काम से कार रोकी। जैसे ही वे कार में वापस बैठने वाले थे, एक तेज रफ्तार बस ने उन्हें टक्कर मार दी।
हादसे में प्रदीप के सिर पर गहरी चोट लगी। उनके साथी उन्हें अरबिंदो अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
विधायक समेत भाजपा नेता अस्पताल पहुंचे
हादसे की सूचना मिलने पर सोनकच्छ विधायक राजेश सोनकर सहित कई भाजपा नेता अस्पताल पहुंचे। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी पहुंचे। विशेष अनुमति लेने के बाद रात में ही शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
पुलिस बस चालक की तलाश कर रही है
हादसे के बाद बस चालक वाहन लेकर मौके से भाग गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है.









