
Amritsar: अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने एक बड़ी आतंकी साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया है। पुलिस ने एक बार फिर सूबे के कई पुलिस प्रतिष्ठान को निशाना बनाने की योजना को विफल कर दिया है। पुलिस ने छापामारी और कार्रवाई के दौरान करीब 690 ग्राम वजनी एक IED बरामद किया। पुलिस ने IED के अलावा, इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर, बैटरी, टाइमर और लोहे का बॉक्स भी बरामद किया। फिलहाल, पुलिस ने बरामद IED को डिफ्यूज कर दिया है। वहीं, सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुट गई हैं।
DGP पंजाब पुलिस ने कहा ‘अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने पुलिस प्रतिष्ठान को निशाना बनाने की एक आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया है और 690 ग्राम वजन का इम्प्रोवाइज़्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) बरामद किया है, साथ ही एक इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर, बैटरी, टाइमर और लोहे का बक्सा भी जब्त किया है।’
बम निरोधक दस्ते ने किया निष्क्रिय
बरामदगी के बाद, विस्फोटक सामग्री को तय सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुसार संभाला गया और बम निरोधक दस्ते (Bomb Disposal Squad) ने इसे निष्क्रिय कर दिया। अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने राष्ट्र-विरोधी तत्वों की साजिश को नाकाम कर दिया है और सार्वजनिक सुरक्षा के लिए संभावित खतरे को टाल दिया है।
DGP पंजाब पुलिस ने बताया कि संबंधित पुलिस स्टेशन में कानून की संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है और इस साजिश के पीछे शामिल लोगों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए आगे की जांच चल रही है।
पुलिस ने कहा ‘पंजाब भर में आतंकी नेटवर्क को खत्म करने, संगठित अपराध को मिटाने और शांति, सुरक्षा व सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।’









